देश की खबरें | भारद्वाज ने ट्रामा सेंटर के निर्माण में धीमी गति को लेकर नाराजगी जतायी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में ट्रामा सेंटर के निर्माण में धीमी गति को लेकर सोमवार को नाराजगी जतायी और परियोजना के ठेकेदार को फटकार लगायी।

नयी दिल्ली, 24 जुलाई दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में ट्रामा सेंटर के निर्माण में धीमी गति को लेकर सोमवार को नाराजगी जतायी और परियोजना के ठेकेदार को फटकार लगायी।

भारद्वाज ने यह भी कहा कि इसका निर्माण पूरा होने पर यह भारत में अपनी तरह का 600 से अधिक बिस्तर वाला ‘‘सबसे बड़ा’’ ट्रामा सेंटर हो जाएगा।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, भारद्वाज ने मंगोलपुरी में दिल्ली सरकार के संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि अस्पताल के नए ट्रामा सेंटर की इमारत का निर्माण जल्द ही पूरा होने की संभावना है।

बयान के अनुसार, औचक निरीक्षण के दौरान मौजूद विधायक राखी बिरला ने भारद्वाज को बताया कि कार्य बहुत धीमी गति से हो रहा है।

इस पर अंसतोष जताते हुए मंत्री ने ठेकेदार को फटकार लगायी और निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि नया ट्रामा सेंटर बनने पर इस इलाके में और उसके आसपास रहने वाले लोगों को इसका फायदा मिलेगा। दिल्ली में ट्रामा सेंटर की कमी के कारण लोगों को अक्सर किसी दुर्घटना के बाद मरीजों को दूरदराज के अस्पतालों में ले जाना पड़ता है, जिससे इलाज में देरी होती है और घायल व्यक्ति की जान बचने की संभावना घट जाती है।

भारद्वाज ने अस्पताल में आपातकालीन सेवाओं, बाह्य रोग विभाग और गहन चिकित्सा इकाई समेत विभिन्न सुविधाओं का भी जायजा लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\