मथुरा(उप्र), 29 दिसंबर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए क्योंकि यह आम आदमी का मार्च है और यह भारत को एकजुट करने के लिए है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री खुर्शीद ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ राहुल गांधी नहीं चाहते हैं कि इस यात्रा को चुनाव से जोड़ा जाए।’’
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई वाली यह यात्रा न केवल कांग्रेस की बल्कि यह महिलाओं, व्यापारियों, किसानों और बच्चों की यात्रा है तथा यह लोगों, समाज एवं देश को एकजुट करने के लिए है।
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बारे में एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा, ‘‘ एक तरफ संगठन को मजबूत किया जा रहा है तो दूसरी तरफ देश को जोड़ने का काम हो रहा है।’’
जब उनसे कृष्णजन्भूमि-शाही ईदगाह विवाद तथा यह कि क्या कांग्रेस सौहार्द्रपूर्ण हल के लिए काम करेगी, के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह मथुरा के लोगों को तय करना है और वे सौहार्द्र गंवाना नहीं चाहते हैं।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश सरकार शहर निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण के विषय पर उच्च न्यायालय के फैसले के विरूद्ध उच्चतम न्यायालय में अपील करती है तो उनकी पार्टी उसका समर्थन करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY