देश की खबरें | बंगाल : नौकरी गंवाने वाले शिक्षकों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हाल ही में उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद अपनी नौकरी गंवाने वाले आंदोलनकारी शिक्षकों के छह-सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने गतिरोध का समाधान खोजने के लिए सोमवार को पश्चिम बंगाल शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की।
कोलकाता, 26 मई हाल ही में उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद अपनी नौकरी गंवाने वाले आंदोलनकारी शिक्षकों के छह-सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने गतिरोध का समाधान खोजने के लिए सोमवार को पश्चिम बंगाल शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की।
योग्य शिक्षक अधिकार मंच के सदस्यों ने साल्ट लेक स्थित शिक्षा विभाग के मुख्यालय विकास भवन में शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव और एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी के साथ दो घंटे तक बैठक की।
प्रतिनिधिमंडल ने बातचीत के परिणाम के बारे में कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई और मीडिया से उनकी आधिकारिक प्रतिक्रिया के लिए कुछ इंतजार करने को कहा।
यह पूछे जाने पर कि क्या बातचीत को "सकारात्मक" कहा जा सकता है, मंच के सदस्य चिन्मय मंडल ने कहा, ‘‘हम ऐसा नहीं कह सकते। चर्चा के दौरान कई मुद्दे सामने आए। सरकार ने अपने विचार व्यक्त किए और स्पष्ट किया कि वह वर्तमान स्थिति में क्या कर सकती है और क्या नहीं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम आपस में चर्चा करेंगे और फिर जल्द ही अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया देंगे। तब तक हम कुछ नहीं कह सकते।’’
प्रदर्शनकारी शिक्षक विकास भवन के पास कई दिनों से धरना दे रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि उन्हें बहाल किया जाए। उन्होंने शीर्ष अदालत के आदेश के अनुसार नयी भर्ती परीक्षा में भाग लेने से भी इनकार कर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)