देश की खबरें | बंगाल भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी के अच्छे प्रदर्शन की सराहना की

कोलकाता, आठ फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी के अच्छे प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद की अस्वीकृति बताया जबकि आम आदमी पार्टी (आप) का समर्थन करने वाली तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि इसका अगले साल पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि दिल्ली का जनादेश विकास में लोगों के विश्वास को दर्शाता है और इससे अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।

मजूमदार ने कहा, ‘‘बंगाल के लोग अगले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को वोट देंगे और तृणमूल कांग्रेस को खारिज कर देंगे।’’

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जीत के लिए बधाई दी और इसे ‘आप’ के खिलाफ निर्णायक जनादेश बताया।

अधिकारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भाजपा की बड़ी जीत पर मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को हार्दिक बधाई देता हूं कि उन्होंने आगे आकर ‘‘आप-दा’’ पर इस विशेष जीत का नेतृत्व किया। अब दिल्ली के लोगों को राष्ट्रीय राजधानी में ‘‘डबल इंजन’’ सरकार का फायदा मिलेगा।’’

उन्होंने दिल्ली में बंगाली समुदाय को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

तृणमूल कांग्रेस ने ‘आप’ का समर्थन किया था और चुनाव में अरविंद केजरीवाल की पार्टी के लिए प्रचार किया था।

तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों का अगले साल पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

नाम न बताने की शर्त पर पार्टी के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने स्वीकार किया कि यह परिणाम भाजपा विरोधी मोर्चे के लिए एक झटका है।

नेता ने कहा, ‘‘दिल्ली में भाजपा की जीत भाजपा विरोधी मोर्चे के लिए अच्छी खबर नहीं है। ‘आप’ की हार के कारणों का आकलन किया जाना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)