देश की खबरें | झारखंड सरकार की जेएमएमएसवाई योजना के लिए बंगाल के आवेदक ने 94 आवेदन दाखिल किए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति ने अधिकारियों को धोखा देने के लिए एक ही बैंक खाते का उपयोग करते हुए झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (जेएमएमएसवाई) के लिए विभिन्न स्थानों से 94 आवेदन जमा किए थे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बोकारो, 31 जनवरी पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति ने अधिकारियों को धोखा देने के लिए एक ही बैंक खाते का उपयोग करते हुए झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (जेएमएमएसवाई) के लिए विभिन्न स्थानों से 94 आवेदन जमा किए थे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जेएमएमएसवाई झारखंड सरकार की एक प्रमुख योजना है जिसके तहत राज्य सरकार हर महीने 18-50 वर्ष की आयु वर्ग की लगभग 56 लाख महिलाओं को 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करती है। झारखंड में ‘इंडिया’ गठबंधन की चुनावी जीत का काफी श्रेय जेएमएमएसवाई को भी दिया जाता है।

पिछले साल अगस्त में शुरू की गई इस योजना के तहत शुरुआत में 18-50 वर्ष की आयु की महिलाओं को 1,000 रुपये दिए गए और विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने इस राशि को बढ़ाकर 2,500 रुपये प्रति माह करने की घोषणा की।

एक अधिकारी ने कहा, “बोकारो के उपायुक्त जाधव विजय राव ने धोखाधड़ी से जेएमएमएसवाई का लाभ प्राप्त करने के प्रयासों का पर्दाफाश किया है और आदेश दिया है कि ऐसे आवेदकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए, जिनमें अलग-अलग स्थानों पर एक ही खाते से 94 आवेदन दाखिल करने वाला पश्चिम बंगाल का एक आवेदक भी शामिल है।”

अधिकारी ने बताया कि झारखंड सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य वित्तीय सहायता प्रदान करके महिलाओं को सशक्त बनाना है, लेकिन जांच में पता चला है कि इसके लाभों का दुरुपयोग करने के लिए धोखाधड़ी की जा रही है।

अधिकारी ने बताया, “पश्चिम बंगाल के यूसुफ नामक व्यक्ति ने एक ही बैंक खाते का उपयोग करके जेएमएमएसवाई के लिए विभिन्न नामों से 94 आवेदन दाखिल किए थे। जिले के विभिन्न ब्लॉक से जमा किए गए इन आवेदनों की नियमित भौतिक सत्यापन प्रक्रिया के दौरान संदेह पैदा हुआ।”

बोकारो के उपायुक्त के अनुसार, इनमें से 49 आवेदन चंदनकियारी से, 20 कसमार से, 12 बेरमो से और सात गोमिया से दायर किए गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now