देश की खबरें | दाहोद में ‘बीफ’ और मवेशी बरामद; नौ लोग गिरफ्तार

दाहोद (गुजरात), 21 अगस्त गुजरात के दाहोद जिले में कथित तौर पर वध के लिए ले जाए जा रहे मवेशी एवं ‘बीफ’ बरामद किये जाने के बाद की गयी छापेमारी के दौरान भीड़ ने पथराव किया। इस घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया जबकि कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि यह घटना रविवार रात देवगढ़ बारिया शहर के कपड़ी इलाके में हुयी, जब 50 पुलिसकर्मियों की टीम ने छापेमारी की।

उन्होंने बताया कि टीम ने पांच किलोग्राम ‘बीफ’ बरामद किया गया और चार मवेशियों को बचाया।

छापेमारी के बाद जब पुलिस टीम लौट रही थी तो करीब 150 लोगों की भीड़ ने उन पर पथराव किया।

देवगढ़ बारिया के निरीक्षक सी आर देसाई ने कहा कि एक सहायक उप-निरीक्षक के सिर में चोट आई है और उनकी हालत स्थिर है।

देसाई ने कहा कि 20 लोगों के साथ ही 130 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के साथ-साथ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान रोकथाम अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और इस सिलसिले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि गुजरात पशु संरक्षण संशोधन अधिनियम के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)