देश की खबरें | बीसीसीआई सचिव ने रोहित पर ‘ओछी’ टिप्पणी के लिये कांग्रेस प्रवक्ता को फटकार लगायी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी और फिटनेस के स्तर पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद को आड़े हाथों लेते हुए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने सोमवार को कहा कि ऐसे में जबकि भारतीय टीम चैम्पियंस ट्रॉफी खेल रही है , एक जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा इस तरह का ‘ओछा’ बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है ।

नयी दिल्ली, तीन मार्च भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी और फिटनेस के स्तर पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद को आड़े हाथों लेते हुए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने सोमवार को कहा कि ऐसे में जबकि भारतीय टीम चैम्पियंस ट्रॉफी खेल रही है , एक जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा इस तरह का ‘ओछा’ बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है ।

भारतीय टीम चैम्पियंस ट्रॉफी में दुबई में मंगलवार को आस्ट्रेलिया से सेमीफाइनल खेलेगी ।

सैकिया ने पीटीआई से कहा ,‘‘ यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक जिम्मेदार व्यक्ति ऐसा ओछा बयान दे रहा है, जब टीम इतना महत्वपूर्ण आईसीसी टूर्नामेंट खेल रही है । इससे व्यक्ति या टीम का मनोबल गिर सकता है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं और नतीजे सामने हैं। उम्मीद है कि लोग प्रचार पाने के लिये राष्ट्रहित को ताक पर रखकर इस तरह की ओछी बयानबाजी से बाज आयेंगे।’’

शमा ने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट से सोशल मीडिया में बवाल खड़ा कर दिया ।

कांग्रेस ने स्वीकार किया कि उन्होंने मर्यादा का उल्लंघन किया है और पार्टी ने उनसे पोस्ट डिलीट करने के लिये भी कहा।

शमा ने अपनी पोस्ट डिलीट कर दी जिसमें में कहा था कि रोहित ‘‘एक खिलाड़ी होने के लिहाज से मोटे हैं।’’

उन्होंने यह भी कहा था, ‘‘उन्हें वजन कम करने की जरूरत है! ... और निश्चित रूप से भारत का अब तक का सबसे अप्रभावी कप्तान।’’

भारत के पूर्व स्पिनर दिलीप दोशी भी रोहित को लेकर की गई टिप्पणियों से खुश नहीं है।

दोशी ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘लोगों को अपनी राय रखने की अनुमति है, लेकिन उन्हें प्रसारित कर बढ़ावा देना भी ठीक नहीं है। इसलिए लोगों की ऐसी राय उनके पास ही रहने दें।’’

भारत के लिए 1979 से 1983 तक 33 टेस्ट और 15 वनडे खेलने वाले दोशी ने कहा, ‘‘रोहित कोई क्लासिकल, एथलेटिक, युवा, आधुनिक क्रिकेटर नहीं है, लेकिन वह प्रतिभावान खिलाड़ी है और वह जो करते है उसके लिए वह बहुत फिट है।’’

उन्होंने सवाल पूछने के लहजे में कहा, ‘‘ क्या रोहित क्रिकेट के लिए फिट है? हां, वह है। कई क्रिकेटर जिम के लिए फिट दिखते हैं, लेकिन क्रिकेट के लिए फिट नहीं होते। मैं समझता हूं कि किसी क्रिकेटर को क्रिकेट के लिए फिट होना चाहिए। यह जरूरी नहीं है कि वह जिम के लिए फिट हो। जिम की फिटनेस से बहुत सारी चोटें लग रही हैं, जो पहले नहीं थीं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\