ताजा खबरें | जम्मू कश्मीर के भाजपा नेता के घर पर ग्रेनेड हमले के विरोध में राजौरी में रखा गया बंद

जम्मू , 13 अगस्त जम्मू कश्मीर के राजौरी में पिछली रात एक भाजपा नेता के घर पर हुए हमले के विरोध में बुधवार को शहर बंद रहा। इस हमले में तीन साल के बच्चे की मौत हो गयी थी ओर छह अन्य घायल हो गये थे।

भाजपा कार्यकर्ताओं समेत बड़ी संख्या में लोगों ने इस हमले के विरोध में रैली निकाली तथा पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाये।

राजौरी जिले के खांडली क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात को संदिग्ध आतंकवादियों ने भाजपा नेता जसबीर सिंह के मकान पर ग्रेनेड हमला किया था जिससे उनके परिवार के सात सदस्य घायल हो गये। यह ग्रेनेड मकान की छत पर फटा था।

सूत्रों ने बताया कि घायल तीन साल के बच्चे वीर की आधी रात को राजौरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी।

शुक्रवार को राजौरी शहर में सारी दुकानें बंद रहीं और सड़कों पर यातायात नजर नहीं आया। प्रदर्शनकारियों ने राजमार्ग बंद कर दिया। सनातन धर्मसभा ने इस प्रदर्शन का आह्वान किया था हालांकि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे नहीं बढ़ने दिया।

प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा में खामी को इस हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि आतंकवादी खुलेआम घूम रहे हैं और भाजपा नेताओं को ग्रेनेड से निशाना बना रहे हैं।

इस हमले की निंदा करते हुए भाजपा और कांग्रेस ने नियंत्रण रेखा के पार से घुसपैठ की खबरों के मद्देनजर सीमावर्ती जिले राजौरी की सुरक्षा कड़ी करने की मांग की।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र रैना ने कहा, ‘‘ पाकिस्तान एवं उसकी आतंकवादी शक्तियां निर्बल और निहत्थे लोगों पर हमला करती हैं और उनकी जान लेती हैं। वे कायर हैं।’’

एक अन्य भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ पाकिस्तान के इशारे पर आये आतंकवादी भाजपा नेताओं को निशाना बना रहे हैं और उनकी जान ले रहे हैं। यह पूरे संघशासित क्षेत्र में हो रहा है। वे यहां अल्पसंख्यकों में भय पैदा करना चाहते हैं लेकिन हम उनकी ऐसी हरकतों से नहीं झुकेंगे।’’

उन्होंने कहा कि राजौरी में मुठभेडें होने और आतंकवादियों की स्पष्ट आवाजाही के बाद भी पुलिस भाजपा नेताओं की रक्षा करने में विफल रही है।

राजौरी के उपायुक्त आर के शवन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी उपाय किये जाएंगे और प्रशासन हमले की निंदा करता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)