देश की खबरें | पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर बंद का आह्वान, दिखा असर

पुडुचेरी, 28 दिसंबर केंद्र सरकार से पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर अन्नाद्रमुक के एक दिन के बंद के आह्वान पर बुधवार को केंद्र शासित प्रदेश में ज्यादातर दुकानें एवं प्रतिष्ठान बंद रहे।

अन्नाद्रमुक (पूर्व) की पुडुचेरी इकाई के सचिव ए अंबालगन ने बंद का आह्वान किया था। उन्हें आज तड़के उनके कार्यालय से उनके समर्थकों के साथ हिरासत में ले लिया गया।

अंबालगन ने पहले कहा था कि पुडुचेरी के लिए पूर्ण राज्य का दर्जा "आवश्यक" है, क्योंकि केंद्र शासित प्रदेश की चुनी हुई सरकार के पास कोई अधिकार नहीं हैं और पुडुचेरी के विकास से संबंधित प्रत्येक प्रस्ताव के लिए उसे केंद्र की दया पर निर्भर रहना पड़ता है।

निजी बसें सड़कों से नदारद रहीं, जबकि राज्य परिवहन की बसों का परिचालन सामान्य रहा। निजी परिचालकों के काम नहीं करने से यहां राजीव गांधी बस टर्मिनल सूना रहा।

ऑटो रिक्शा और टेम्पो भी सड़कों पर नहीं उतरे। पुडुचेरी और उसके आसपास के होटल और आभूषण की दुकानें बंद रहीं। विभिन्न इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा। मुख्य मार्गों पर दो पहिया वाहन ही दिखे। सरकारी दफ्तरों में कामकाज सामान्य रहा।

पुलिस ने कहा कि उसने 300 लोगों को एहतियाती तौर पर हिरासत में लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)