शिमला, चार दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवर को कहा कि ऐसे आरोप हैं कि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने “महादेव ऐप घोटाले से मिले पैसे से’ हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रचार अभियान का "वित्तपोषण" किया।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के चलते बघेल द्वारा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद ठाकुर ने कांग्रेस नेता को निशाना बनाया।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष ने यहां पत्रकारों से कहा, “आरोप हैं कि नवंबर 2022 में हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रभारी भूपेश बघेल ने ‘महादेव ऐप घोटाले’ के माध्यम से प्राप्त धन से कांग्रेस पार्टी का वित्तपोषण किया और जांच से सच्चाई सामने आ जाएगी।”
भारत और दुबई के बीच हवाला लेनदेन के माध्यम से धनशोधन करने के आरोप को लेकर महादेव सट्टेबाजी ऐप प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रडार पर है।
ईडी ने तीन नवंबर को दावा किया था कि फोरेंसिक विश्लेषण और 'पैसा पहुंचाने वाले व्यक्ति' (कैश कूरियर)द्वारा दिए गए एक बयान के कारण इस तरह के "आरोप" सामने आए कि महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रवर्तकों ने बघेल को लगभग 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।
ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए एक कथित कूरियर ने बाद में एक विशेष अदालत के समक्ष कहा था कि उसे एक साजिश के तहत फंसाया गया है और उसने कभी राजनीतिक नेताओं को पैसा नहीं पहुंचाया है।
ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ में जीत हासिल की जहां कांग्रेस सरकार के तहत कई घोटाले हुए थे। ठाकुर ने कहा कि तीन राज्यों में भाजपा की जीत लोकसभा चुनाव के लिहाज से एक ‘ट्रेलर’ है।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारी बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार जीत हासिल करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY