ताजा खबरें | राज्यसभा में आजाद ने जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा देने की मांग की

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने राज्यसभा में सोमवार को जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की और कहा कि केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद वहां विकास ठप्प हो गया है और बेरोजगारी में भारी वृद्धि हुयी है।

नयी दिल्ली, आठ फरवरी वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने राज्यसभा में सोमवार को जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की और कहा कि केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद वहां विकास ठप्प हो गया है और बेरोजगारी में भारी वृद्धि हुयी है।

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और सदन में नेता प्रतिपक्ष आजाद ने आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों के जम्मू कश्मीर कैडर को अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम, केंद्रशासित प्रदेशों के कैडर में विलय करने के सरकार के कदम पर भी सवाल उठाया।

आजाद जम्मू कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2021 पर सदन में हुयी चर्चा में भाग ले रहे थे। यह विधेयक अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों के कैडर से संबंधित है।

उन्होंने कहा कि सदन में यह शायद उनका आखिरी भाषण है और ऐसे में वह कोई तीखी टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं। ‘‘लेकिन संविधान का अनुच्छेद 370 हटाए जाने और जम्मू कश्मीर को केंद्रशासित प्रदेश बनाने के बाद वहां विकास के कई वायदे किए गए थे। लेकिन वहां विकास ठप्प हो गया है और बेरोजगारी में भारी वृद्धि हुयी है।’’

आजाद ने कहा कि सरकार ने जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की बात की थी लेकिन इस विधेयक से ऐसी आशंका बन रही है कि वह जम्मू कश्मीर को स्थायी रूप से केंद्रशासित बनाए रखना चाहती है। अगर जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा देना ही है तो कैडरों के विलय की क्या जरूरत है।

उन्होंने कहा ‘‘अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद उद्योगों की संख्या में करीब 60 प्रतिशत की कमी आयी है। वहां पहले ही उद्योगों की संख्या कम थी और बाद में उनमें से भी बड़ी संख्या में उद्योग बंद हो गए, जिससे रोजगार पर असर पड़ा।’’

आजाद ने कहा कि वहां कोई नया उद्योग नहीं आ रहा है और जो पहले से थे, वे बंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू में 12,997 उद्योग थे उनमें से 60 प्रतिशत बंद हो गए।

आजाद ने कहा ‘‘जम्मू कश्मीर में विकास होने का दावा वास्तविक नहीं है और यह ‘सिर्फ टीवी’ पर है, जमीन पर विकास नहीं दिखता। सड़कें बदहाल हैं और जलापूर्ति एवं बिजली की स्थिति भी अच्छी नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि संघर्षविराम उल्लंघन की घटनाओं में वृद्धि होने से भी काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि महीनों तक कर्फ्यू रहने और बाद में कोरोना वायरस के कारण स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद हो गए और शिक्षकों को वेतन नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि अगर वहां निर्वाचित सरकार होती तो कुछ समाधान निकल सकता था। उन्होंने हाल ही में स्थानीय चुनाव कराए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि विधानसभा के भी चुनाव कराए जाने चाहिए क्योंकि विधायक कानून निर्माता भी हैं।

भाजपा सदस्य दुष्यंत गौतम ने कहा ‘‘ अनुच्छेद 370 के कारण आजादी के 70 साल बाद भी वहां विभिन्न लोगों की मौलिक जरूरतें पूरी नहीं हुयीं। ऐसा लगता है कि उस अनुच्छेद से कहीं न कहीं लोगों का शोषण हो रहा था। लेकिन उसके हटने के बाद लोगों की मौलिक जरूरतें पूरी हो रही हैं।’’

उन्होंने कहा कि विगत में जम्मू कश्मीर में राष्ट्रविरोधी ताकतें मौजूद थीं और उस दौरान सुरक्षाबलों पर पथराव जैसी घटनाएं भी होती रहती थीं।

अन्नाद्रमुक के नवनीत कृष्णन ने विधेयक के प्रावधानों का स्वागत करते हुए कहा कि इससे जम्मू कश्मीर में अधिकारियों की कमी दूर हो सकेगी।

राजद के मनोज कुमार झा ने सवाल किया कि कैडरों का मौजूदा बदलाव स्थायी होगा या अस्थायी। मोबाइल फोन सेवा के संबंध में उन्होंने कहा कि अब वहां 4जी सेवा शुरू हो गयी है लेकिन इसके बाधित होने से विगत कुछ महीनों में वहां के छात्रों पर इसका प्रतिकूल पड़ा और कई छात्र विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिला नहीं ले पाए।

आप के नेता सुशील कुमार गुप्ता और पीडीपी सदस्य मीर मोहम्मद फैयाज ने जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा शीघ्र बहाल करने की मांग की, वहीं भाजपा के शमशेर सिंह मन्हास ने रोजगार बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया और कहा कि अधिक संख्या में अधिकारियों की नियुक्ति से विकास की गति को बल मिलेगा।

चर्चा में बसपा के अशोक सिद्धार्थ, बीजद के अमर पटनायक ने भी भाग लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Live Score Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच खेला जा रहा हैं तीसरा टी20 मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Live Streaming In India: वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच आज खेला जाएगा तीसरा टी20, यहां जानें भारत में कब, कहां और कैसे उठाएं लाइव मैच का लुफ्त

West Indies Women vs Australia Women T20I Stats: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Pitch Report And Weather Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला मुकाबले में मौसम बनेगा अहम फैक्टर या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मौसम का हाल

\