देश की खबरें | कर्नाटक में कैब सेवा कंपनियों के प्रतिबंध के खिलाफ ऑटो रिक्शा चालकों का प्रदर्शन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओला, उबर और रैपिडो समेत ऐप आधारित टैक्सी संचालक कंपनियों की ऑटोरिक्शा सेवा पर लगे प्रतिबंध के खिलाफ सोमवार को ऑटो-रिक्शा चालकों ने यहां एक क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के बाहर प्रदर्शन किया।
बेंगलुरु, 10 अक्टूबर ओला, उबर और रैपिडो समेत ऐप आधारित टैक्सी संचालक कंपनियों की ऑटोरिक्शा सेवा पर लगे प्रतिबंध के खिलाफ सोमवार को ऑटो-रिक्शा चालकों ने यहां एक क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के बाहर प्रदर्शन किया।
कर्नाटक के परिवहन विभाग ने अवैध रूप से ऑटोरिक्शा का संचालन करने और उपभोक्ताओं से अधिक किराया वसूल कर ‘कर्नाटक ऑन डिमांड ट्रांसपोर्टेशन टेक्नोलॉजी एग्रीगेटर्स रूल्स’ 2016 का उल्लंघन करने को लेकर बृहस्पतिवार को ओला, उबर और अन्य ऐप आधारित टैक्सी संचालक कंपनियों को नोटिस जारी किया था।
परिवहन विभाग ने कहा कि कंपनियां अधिक शुल्क ले रही थीं और उन्हें अपनी ऑटो-रिक्शा सेवाओं का संचालन जारी रखने के लिए कोई भी विवरण प्रस्तुत करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया था।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ऐसी कंपनी कोई विवरण प्रदान करने में विफल रहीं।
परिवहन विभाग ने आज ऐसी कंपनियों से संबद्ध ऑटो-रिक्शा सेवाओं के खिलाफ अपना अभियान शुरू किया। उन्होंने कंपनियों से जुड़े कुछ ऑटोरिक्शा चालकों को दंडित भी किया।
सरकार के इस प्रतिबंध के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ऑटोरिक्शा चालकों ने अपने वाहन खड़े कर नारेबाजी की।
इस बीच, ऐसी कंपनियों के मोबाइल एप्लिकेशन पर ऑटो-रिक्शा सेवाएं दिखती रहीं। उन्होंने सरकारी नोटिस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
परिवहन विभाग के अधिकारी भी इस बात पर चुप्पी साधे रहे कि ये ऐसी कंपनी अपने ऐप पर ऑटो-रिक्शा सेवाएं क्यों दिखा रही हैं और वे सरकारी आदेश पर ध्यान नहीं दे रही हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)