देश की खबरें | सैफ पर हमला: फिल्मी हस्तियों, राजनीतिक नेताओं ने हैरानी जताई; मुंबई में अराजकता पर सवाल उठाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. फिल्मी हस्तियों और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एवं आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल सहित राजनीतिक नेताओं ने अभिनेता सैफ अली खान पर उनके मुंबई स्थित आवास में हुए हमले को लेकर बृहस्पतिवार को हैरानी जताई, वहीं कई अन्य ने शहर में कथित अराजकता की स्थिति पर सवाल उठाये हैं।

मुंबई, 16 जनवरी फिल्मी हस्तियों और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एवं आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल सहित राजनीतिक नेताओं ने अभिनेता सैफ अली खान पर उनके मुंबई स्थित आवास में हुए हमले को लेकर बृहस्पतिवार को हैरानी जताई, वहीं कई अन्य ने शहर में कथित अराजकता की स्थिति पर सवाल उठाये हैं।

सैफ (54) अपने बांद्रा स्थित आवास पर बुधवार देर रात ढाई बजे चाकू से किये गए हमले में घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी सर्जरी की गई।

अभिनेता के एक प्रतिनिधि ने बताया कि उनकी हालत खतरे से बाहर है।

बनर्जी और केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये अभिनेता के चोटों से शीघ्र उबरने की कामना की।

बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के बारे में सुनकर बहुत चिंता हुई। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं तथा विश्वास है कि कानून अपना काम करेगा और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शर्मिला दी, करीना कपूर और पूरे परिवार के साथ हैं।’’

केजरीवाल ने कहा, ‘‘सैफ अली खान पर हुए हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

शिवसेना (उबाठा) नेता एवं राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि सैफ के घर पर हुई यह घटना अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी और राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद एक और ‘‘हाई प्रोफाइल हत्या का प्रयास’’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘सैफ अली खान पर हमला, एक बार फिर मुंबई पुलिस और गृह मंत्री पर सवाल उठाता है। यह उन घटनाओं की एक श्रृंखला के बाद हुआ है जो दिखाती हैं कि बड़े लोगों को निशाना बनाकर मुंबई को कमजोर करने का जानबूझकर प्रयास किया जा रहा है...।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘यह सब बांद्रा में हो रहा। यह ऐसा इलाका है जहां हस्तियां सबसे अधिक संख्या में रहते हैं और यहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए। अगर वे लोग सुरक्षित नहीं हैं तो मुंबई में कौन सुरक्षित है? सैफ अली खान के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’

अभिनेत्री पूजा भट्ट ने एक पोस्ट में मुंबई पुलिस को टैग किया और शहर में ‘‘अराजकता’’ की स्थिति पर सवाल उठाया।

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, ‘‘क्या इस अराजकता पर अंकुश लगाया जा सकता है? हमें बांद्रा में अधिक संख्या में पुलिस की मौजूदगी की आवश्यकता है। शहर और विशेष रूप से उपनगरों की रानी बांद्रा ​​ने पहले कभी इतना असुरक्षित महसूस नहीं किया।’’

इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि सैफ पर उनके घर में एक घुसपैठिए द्वारा किया गया हमला एक गंभीर घटना है, लेकिन इसके कारण मुंबई को असुरक्षित कहना गलत होगा।

फडणवीस के पास गृह विभाग का दायित्व भी है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि मुंबई देश के बड़े शहरों में सबसे सुरक्षित है। यह सच है कि कभी-कभी कुछ घटनाएं होती हैं, और उन्हें गंभीरता से लिया जाना चाहिए। लेकिन यह कहना सही नहीं है कि ऐसी घटनाओं के कारण मुंबई असुरक्षित है।’’

अभिनेता चिरंजीवी ने घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एक पोस्ट में कहा, ‘‘सैफ अली खान पर हमले की खबर से बहुत व्यथित हूं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना और प्रार्थना करता हूं।’’

सैफ की 2009 की फिल्म ‘‘लव आज कल’’ के निर्देशक इम्तियाज अली ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर अभिनेता की एक तस्वीर साझा की और लिखा, ‘‘मेरे बहादुर भाई।’’

अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने कहा, ‘‘सैफ जल्द ठीक हो जाओ।’’

अभिनेता सोनू सूद ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सैफ अली खान पर हुए दुर्भाग्यपूर्ण हमले के बारे में सुनकर दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके शीघ्र स्वस्थ होने और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ के लिए हैं। मजबूत रहो भाई।’’

सैफ के साथ ‘एजेंट विनोद’ और ‘बुलेट राजा’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रवि किशन ने कहा कि यह घटना दुखद है।

किशन ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘वह मेरे मित्र और सह-अभिनेता हैं...सरकार और पुलिस प्रशासन दोषियों को पकड़ने के लिए काम कर रहा है। अपराधी जल्द ही पकड़ा जाएगा। अभिनेताओं की सुरक्षा को महत्व दिया जाना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\