नगांव (असम), चार नवंबर असम में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव-प्रचार में बच्चों को शामिल करने के आरोप में कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन और उनके बेटे तंजील के खिलाफ निर्वाचन आयोग (ईसीआई) में शिकायत दर्ज कराई। तंजील सामगुरी सीट से उपचुनाव लड़ रहे हैं।
निर्वाचन आयोग के समक्ष दर्ज कराई गई शिकायत में भाजपा ने आरोप लगाया कि पहली बार चुनाव लड़ रहे हुसैन के बेटे तंजील के समर्थन में किए जा रहे चुनाव-प्रचार में बच्चों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
शिकायत में दावा किया गया, ‘‘चुनाव-प्रचार में बच्चों का इस्तेमाल करना स्पष्ट रूप से आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है क्योंकि यह उनकी मासूमियत का फायदा उठाना है और इससे चुनाव प्रक्रिया की सुचिता भी कमजोर होती है।’’
भाजपा ने दावा किया कि उसने निर्वाचन आयोग को वीडियो दिया है तथा तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
असम के धोलाई (सुरक्षित), सिदली (सुरक्षित), बोंगाईगांव, बेहाली और सामगुरी विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होंगे क्योंकि ये सीटें उनके विधायकों के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद रिक्त हो गई थीं।
कांग्रेस ने सामगुरी सीट पर तंजील हुसैन को उम्मीदवार बनाया है जिनका मुकाबला भाजपा के दिप्लू रंजन शर्मा से है।
पहली बार चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार राज्य महासचिव और पार्टी की राज्य युवा शाखा के पूर्व अध्यक्ष हैं।
असम की पांच विधानसभा सीट पर 13 नवंबर को उपचुनाव होगा और 23 नवंबर को मतों की गिनती होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY