देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश को अक्टूबर के बाद पर्यटकों के लिए फिर से खोला जा सकता है: खांडू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सोमवार को इसका संकेत दिया कि राज्य को अक्टूबर के बाद पर्यटकों के लिए फिर से खोला जा सकता है।
ईटानगर, 28 सितम्बर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सोमवार को इसका संकेत दिया कि राज्य को अक्टूबर के बाद पर्यटकों के लिए फिर से खोला जा सकता है।
केंद्र सरकार द्वारा आयोजित एक आनलाइन कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए खांडू ने कहा कि कोविड-19 महामारी के कारण पिछले छह महीनों में पर्यटन क्षेत्र को बहुत नुकसान हुआ है जिससे हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है और राज्य के राजस्व को नुकसान पहुंचा है।
‘डेस्टिनेशन नॉर्थ ईस्ट’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा, ‘‘पर्यटन राजस्व और रोजगार का एक प्रमुख स्रोत है। सभी विचारों को ध्यान में रखते हुए, हम इस क्षेत्र को फिर से खोलेंगे। यदि सब कुछ ठीक रहा तो हम राज्य को अक्टूबर के बाद आगंतुकों के लिए खोलेंगे।’’
‘डेस्टिनेशन नॉर्थ ईस्ट’ इस क्षेत्र की समृद्ध विरासत, विविधता और पर्यटन की संभावनाओं को दर्शाने वाला पूर्वोत्तर क्षेत्र विभाग मंत्रालय (डीओएनईआर) का एक कार्यक्रम है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को चार दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
खांडू ने इस आनलाइन कार्यक्रम के आयोजन के लिए डीओएनईआर मंत्रालय और पूर्वोत्तर परिषद (एनईसी) की सराहना की और कहा कि इससे क्षेत्र में महामारी के बाद पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश ग्रामीण, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन का केंद्र बन सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी के इस क्षेत्र के प्रति प्यार और इस क्षेत्र के प्रति चिंता के कारण, आज हमारे पास रेलवे, सड़क और हवाई अड्डे हैं। कई परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं जबकि कई पाइपलाइन में हैं।’’
..
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)