देश की खबरें | अरुणाचल पेपर लीक मामला : तीन और आरोपी गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के सहायक अभियंता (सिविल) परीक्षा प्रश्न पत्र लीक मामले में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है और इसके साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

ईटानगर, चार अक्टूबर अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के सहायक अभियंता (सिविल) परीक्षा प्रश्न पत्र लीक मामले में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है और इसके साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

राज्य पुलिस के विशेष जांच प्रकोष्ठ (एसआईसी) ने तीन लागों को गिरफ्तार किया है। एसआईसी के पुलिस अधीक्षक अनंत मित्तल ने बताया कि दो सरकारी अधिकारियों - बिनम जोमांग और तलुंग जोमांग सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

बिनम राज्य के नामसाई जिले के लेकांग में पंचायती राज विभाग में कनिष्ठ अभियंता (संविदात्मक) हैं, जबकि तलुंग प्रदेश के सियांग जिले में कृषि सहायक हैं।

यह मामला 27 सितंबर को ईटानगर पुलिस से एसआईसी को सौंप दिया गया था और उसके बाद तीन लोगों की गिरफ्तारी की गई है।

ईटानगर पुलिस ने इस मामले में पहले छह लोगों को गिरफ्तार किया था।

मित्तल ने कहा, "मामले में जांच चल रही है और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तार से जांच की जा रही है। साथ ही, सभी कानूनी प्रक्रियाओं का भी पालन किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि एसआईसी प्रभावित उम्मीदवारों को न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह मामला 29 अगस्त को तब सामने आया जब परीक्षा के एक उम्मीदवार ग्यामार पदुंग ने ईटानगर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उन्हें परीक्षा के प्रश्नपत्र के लीक होने का संदेह है।

अरुणाचल प्रदेश सरकार ने इस मामले की सीबीआई से जांच की सिफारिश की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\