देश की खबरें | पश्चिम बंगाल में 12वीं कक्षा के परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल में पर्याप्त पुलिस व्यवस्था की गई है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि 12वीं कक्षा के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा के लिए बिना किसी परेशानी के अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें। पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कोलकाता, दो मार्च पश्चिम बंगाल में पर्याप्त पुलिस व्यवस्था की गई है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि 12वीं कक्षा के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा के लिए बिना किसी परेशानी के अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें। पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की छात्र शाखा स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) द्वारा सोमवार को आहूत राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर यह व्यवस्था की गयी है।
एसएफआई ने जादवपुर विश्वविद्यालय में दो प्रदर्शनकारियों के घायल होने पर शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु के इस्तीफे की मांग को लेकर हड़ताल का आह्वान किया है। यह घटना शनिवार को उस समय हुई जब बसु के काफिले में शामिल एक वाहन प्रदर्शनकारी छात्रों के बेहद नजदीक से गुजरा था।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) जावेद शमीम ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर में पर्याप्त पुलिस व्यवस्था की गई है कि उच्चतर माध्यमिक के परीक्षार्थी बिना किसी बाधा के अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचें और अपनी परीक्षा देने के बाद घर वापस जाएं। सोमवार को राज्य बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा का पहला दिन है।
जावेद शमीम ने कहा, ‘‘ सभी जिलों, विभिन्न पुलिस आयुक्तालयों और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अधिकारियों को परीक्षार्थियों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सतर्क किया गया है।’’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हड़ताल को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी सड़कों पर तैनात रहेंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘किसी भी प्रकार की बाधा या व्यवधान उत्पन्न होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)