विदेश की खबरें | सेना प्रमुख जनरल नरवणे ने सिंगापुर में प्रमुख सुरक्षा केंद्रों का दौरा किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. सेना प्रमुख जनरल एम. एम. नरवणे ने सिंगापुर में चांगी नौसेना अड्डे पर चांगी क्षेत्रीय एचएडीआर समन्वय केंद्र और सूचना ‘फ्यूजन’ केंद्र का बुधवार को दौरा किया जहां उन्हें प्रतिक्रिया तंत्र और समुद्री सुरक्षा को बढ़ाने के लिए किए गए उपायों के बारे में जानकारी दी गई।

सिंगापुर, छह अप्रैल सेना प्रमुख जनरल एम. एम. नरवणे ने सिंगापुर में चांगी नौसेना अड्डे पर चांगी क्षेत्रीय एचएडीआर समन्वय केंद्र और सूचना ‘फ्यूजन’ केंद्र का बुधवार को दौरा किया जहां उन्हें प्रतिक्रिया तंत्र और समुद्री सुरक्षा को बढ़ाने के लिए किए गए उपायों के बारे में जानकारी दी गई।

सिंगापुर की तीन दिवसीय यात्रा पर आए थल सेना प्रमुख ने मंगलवार को सिंगापुर के शीर्ष सैन्य नेतृत्व के साथ बातचीत की तथा द्विपक्षीय सैन्य सहयोग को और बढ़ाने संबंधी रूपरेखा पर चर्चा की।

भारतीय सेना के अतिरिक्त जन सूचना महानिदेशालय (एडीजी पीआई) ने ट्विटर पर बताया, “जनरल एम. एम. नरवणे ने सिंगापुर में क्षेत्रीय एचएडीआर समन्वय केन्द्र और सूचना ‘फ्यूजन’ केंद्र का दौरा किया। सेना प्रमुख को बहु-राष्ट्र एचएडीआर प्रतिक्रिया तंत्र के समन्वय और समुद्री सुरक्षा बढ़ाने के उपायों के बारे में जानकारी दी गई।”

जनरल नरवणे ने ‘‘गोह केंग स्वी कमांड एंड स्टाफ कॉलेजेस डिस्टिंग्विश्ड स्पीकर्स डायलॉग’’ में भाषण भी दिया जिसका शीर्षक ‘भारत का सामरिक दृष्टिकोण’ था।

जनरल नरवणे ने मंगलवार को सिंगापुर के रक्षा मंत्री डॉ एनजी इंग हेन से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सैन्य सहयोग को और बढ़ाने के तरीकों तथा क्षेत्रीय भू-राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा की थी।

सिंगापुर के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस पारस्परिक रूप से सार्थक बातचीत ने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को गहरा किया है, आपसी समझ को बढ़ाया है और दोनों सेनाओं के बीच सहयोग को मजबूत किया है।

बयान में कहा गया है, ‘‘उनकी यात्रा सिंगापुर और भारत के बीच मजबूत और लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय रक्षा संबंधों की पुष्टि करती है।"

जनरल नरवणे अपने दौरे के पहले दिन सोमवार को सिंगापुर में क्रांजी युद्ध स्मारक गए और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वालों को श्रद्धांजलि दी थी। उन्होंने फोर्ट कैनिंग में बैटल बॉक्स बंकर का भी दौरा किया। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 1936 में ब्रिटिश बलों ने जमीन से नौ मीटर नीचे इस गुप्त कमांड केंद्र को बनाया था।

जनरल नरवणे ने मंगलवार को पसिर लाबा कैंप में ‘इन्फैंट्री गनरी एंड टैक्टिकल सिमुलेटर सेंटर’ का दौरा किया था।

उनकी यात्रा सिंगापुर और भारत के बीच मजबूत और लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को रेखांकित करती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\