देश की खबरें | सशस्त्र बल न्यायाधिकरण लंबित मामलों का तेजी से समाधान करे : राजनाथ सिंह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को सशस्त्र बल न्यायाधिकरण (एएफटी) से न्यायिक प्रक्रिया का ईमानदारी से पालन सुनिश्चित करते हुए लंबित मामलों का तेजी से समाधान करने का आह्वान किया।
नयी दिल्ली, चार अगस्त रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को सशस्त्र बल न्यायाधिकरण (एएफटी) से न्यायिक प्रक्रिया का ईमानदारी से पालन सुनिश्चित करते हुए लंबित मामलों का तेजी से समाधान करने का आह्वान किया।
एएफटी का स्थापना दिवस मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश भर की विभिन्न अदालतों में बड़ी संख्या में मामले लंबित हैं, लेकिन बोझ को कम करने के लिए विशेष न्यायाधिकरण स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जहां (मामलों की) इतनी संख्या लोगों को सही समय पर न्याय नहीं मिलने की चुनौती पेश करती है, वहीं न्यायिक प्रक्रिया पर ध्यान दिए बिना (लंबित मामलों का) त्वरित निस्तारण और भी खतरनाक है।
सिंह ने कहा, “कहा जाता है कि ‘न्याय में देरी, न्याय न मिलने के समान है। न्याय में देरी होने पर लोगों का न्याय व्यवस्था पर भरोसा कम हो जाता है।”
उन्होंने कहा, “न्याय प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए समय-समय पर फास्ट-ट्रैक अदालतें और न्यायाधिकरण स्थापित किए जाते हैं। लेकिन, न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है, अन्यथा इस बात का खतरा रहता है कि हड़बड़ी में किया गया न्याय, असल में न्याय न होने जैसा है।”
सिंह ने कहा कि मामलों के निस्तारण और लोगों को न्याय दिलाने के लिए समय और प्रक्रिया के बीच संतुलन बनाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, “विवेक एक अन्य कारक है जो प्रमुख भूमिका निभाता है। न्याय के बिना कोई भी समाज पूर्णता प्राप्त नहीं कर सकता। सही समय पर सही व्यक्ति को न्याय दिलाना हमारा कर्तव्य है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)