नयी दिल्ली, 17 अगस्त केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शिविर में शुक्रवार को चार करोड़वां पौधा लगाएंगे और बल की कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
गृह मंत्री शाह केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के पौधारोपण अभियान के तहत सीआरपीएफ शिविर में पौधारोपण करेंगे। शाह ने 12 जुलाई 2020 को देशव्यापी पौधारोपण अभियान की शुरुआत की थी। सीएपीएफ में सीआरपीएफ के अलावा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और अन्य बल शामिल हैं। उन्हें पर्यावरण की देखभाल का जिम्मा सौंपा गया है।
गृह मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि शाह सीआरपीएफ शिविर का दौरा करेंगे और चार करोड़वां पौधा लगाएंगे।
इसमें बताया गया है कि गृह मंत्री सीआरपीएफ के आठ विभिन्न परिसरों में कुल 15 नवनिर्मित भवनों तथा इमारतों का ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन भी करेंगे।
इसमें कहा गया है कि सीएपीएफ का इस साल तक पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है।
बयान के मुताबिक, यह भी निश्चित किया गया कि लगाए जाने वाले पौधे यथा संभव देसी प्रजातियों के हों और कम से कम पचास प्रतिशत पौधों का जीवनचक्र लंबा (100 वर्ष से अधिक का) हो।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY