देश की खबरें | दमानिया के मुंडे पर लगाए गए आरोपों के बीच राकांपा ने गोपनीय दस्तावेज प्राप्त करने की जांच की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के मुख्य प्रवक्ता आनंद परांजपे ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस बात की जांच कराने का आग्रह किया कि सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया को गोपनीय दस्तावेजों तक कैसे पहुंच मिली।

मुंबई, 20 फरवरी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के मुख्य प्रवक्ता आनंद परांजपे ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस बात की जांच कराने का आग्रह किया कि सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया को गोपनीय दस्तावेजों तक कैसे पहुंच मिली।

दमानिया ने राकांपा नेता एवं मंत्री धनंजय मुंडे के खिलाफ भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। हालांकि, मुंडे ने इनका खंडन किया है।

दमानिया ने बुधवार को मुंडे पर 2024 में कृषि मंत्री के तौर पर बिना कैबिनेट निर्णय के कोष जारी करने का आदेश देकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

दमानिया ने आरोप लगाया कि जब मुंडे कृषि मंत्री थे, तो उन्होंने सितंबर 2024 में धन के आवंटन सहित महत्वपूर्ण वित्तीय निर्णयों के संबंध में कैबिनेट की मंजूरी का दावा करके अधिकारियों और लोगों को गुमराह किया।

परांजपे ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘पुलिस को इन दस्तावेजों (दमानिया के पास मौजूद) की प्रामाणिकता की पुष्टि करनी चाहिए। मुख्यमंत्री फडणवीस ने मंत्रिमंडल बैठक के एजेंडे के लीक होने पर कड़ी नाराजगी जताई थी। चूंकि इन दस्तावेजों पर मुख्य सचिव और कृषि सचिव के हस्ताक्षर हैं। ऐसे में इन दस्तावेजों के स्रोत और प्रामाणिकता का पता लगाया जाना चाहिए।’’

परांजपे ने कहा, ‘‘हालांकि आरोप लगाना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन यह दावा कि एक जिम्मेदार मंत्री ने दस्तावेजों में हेराफेरी की और 200 करोड़ रुपये के लेनदेन को मंजूरी दी, सरासर झूठ है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी इन आरोपों का पुरजोर खंडन करती है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\