जरुरी जानकारी | एएमडी की अनुसंधान एवं विकास योजना से भारत में सेमीकंडक्टर परिवेश तंत्र को बढ़ावा मिलेगा: च्रंद्रशेखर

गांधीनगर, 28 जुलाई केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि भारत में अपना सबसे बड़ा अनुसंधान एवं विकास डिजाइन केंद्र स्थापित करने का अमेरिकी कंपनी एएमडी का फैसला देश में विश्व स्तरीय सेमीकंडक्टर डिजाइन और नवोन्मेष परिवेश तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने ट्विटर पर लिखा है कि इससे कुशल सेमीकंडक्टर इंजीनियर और शोधकर्ताओं को कई अवसर मिलेंगे और यह भारत को वैश्विक प्रतिभा केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं नए भारत में अपना सबसे बड़ा अनुसंधान एवं विकास डिजाइन केंद्र स्थापित करने और भारत-एएएमडी साझेदारी के विस्तार के कंपनी के फैसले का स्वागत करता हूं। यह निश्चित रूप से विश्व स्तरीय सेमीकंडक्टर डिजाइन और नवोन्मेष परिवेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।’’

सेमीकंडक्टर बनाने वाली एएमडी ने भारत में पांच साल में 40 करोड़ डॉलर का निवेश करने की शुक्रवार को घोषणा की और कहा कि कंपनी भारत के सेमीकंडक्टर परिवेश तंत्र के निर्माण में एक मजबूत भागीदार होगी।

कंपनी बेंगलुरु में एक नया अनुसंधान एवं विकास परिसर खोलेगी, जो दुनिया में उसका सबसे बड़ा संयंत्र होगा।

एएमडी के कार्यकारी उपाध्यक्ष (ईवीपी) एवं मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) मार्क पेपरमास्टर ने यहां 'सेमीकॉन इंडिया 2023' सम्मेलन में कहा, ‘‘एएमडी पांच साल में भारत में 40 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)