जरुरी जानकारी | अंबुजा सीमेंट्स ने 10,422 करोड़ रुपये के उपक्रम मूल्य पर पेन्ना सीमेंट का अधिग्रहण किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अडाणी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स ने बृहस्पतिवार को 10,422 करोड़ रुपये के उपक्रम मूल्य पर पेन्ना सीमेंट इंडस्ट्रीज लिमिटेड (पीसीआईएल) का अधिग्रहण करने की घोषणा की।

नयी दिल्ली, 13 जून अडाणी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स ने बृहस्पतिवार को 10,422 करोड़ रुपये के उपक्रम मूल्य पर पेन्ना सीमेंट इंडस्ट्रीज लिमिटेड (पीसीआईएल) का अधिग्रहण करने की घोषणा की।

कंपनी ने बयान में कहा कि इस अधिग्रहण के लिए दोनों कंपनियों ने एक पक्के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत अंबुजा सीमेंट्स पीसीआईएल के मौजूदा प्रवर्तक समूह पी प्रताप रेड्डी एवं परिवार से कंपनी के 100 प्रतिशत शेयर खरीदेगी।

हैदराबाद स्थित पेन्ना सीमेंट के अधिग्रहण से अडाणी समूह की सीमेंट उत्पादन क्षमता में 1.4 करोड़ टन सालाना की बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही अडाणी समूह की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता 8.9 करोड़ टन प्रति वर्ष हो जाएगी।

पेन्ना सीमेंट के पास आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और राजस्थान (निर्माणाधीन) में 1.4 करोड़ टन प्रति वर्ष की उत्पादन क्षमता है। इसके साथ उसके जोधपुर संयंत्र में अधिशेष क्लिंकर होने से अतिरिक्त 30 लाख टन सालाना की सीमेंट ग्राइंडिंग क्षमता पैदा होगी।

इस अधिग्रहण से अडाणी समूह के समुद्री परिवहन लॉजिस्टिक्स को भी मजबूती मिलेगी। इसके तहत प्रायद्वीपीय भारत में सेवा देने के लिए कोलकाता, गोपालपुर, कराईकल, कोच्चि और कोलंबो में पांच बल्क सीमेंट टर्मिनल खोले जाएंगे।

बयान के मुताबिक, इस अधिग्रहण से सीमेंट बाजार में अडाणी समूह की अखिल भारतीय हिस्सेदारी दो प्रतिशत और दक्षिण भारत में आठ प्रतिशत बढ़ जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\