देश की खबरें | पंचेन लामा को स्वतंत्र जीवन जीने की इजाजत दें : तिब्बत की निर्वासित सरकार ने चीन से कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) ने सोमवार को चीनी सरकार से 11वें पंचेन लामा और उनके परिवार के सदस्यों को एक स्वतंत्र जीवन जीने की अनुमति देने का आह्वान किया। पंचेन लामा को 27 साल पहले चीन ने हिरासत में लिया था और तब से उन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया।
धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश), 25 अप्रैल केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) ने सोमवार को चीनी सरकार से 11वें पंचेन लामा और उनके परिवार के सदस्यों को एक स्वतंत्र जीवन जीने की अनुमति देने का आह्वान किया। पंचेन लामा को 27 साल पहले चीन ने हिरासत में लिया था और तब से उन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया।
सीटीए की अपील गेधुन चोएक्यी न्यिमा की 33वीं जयंती पर आयी है, जिन्हें दलाई लामा ने छह साल की उम्र में दसवें पंचेन लामा के अवतार के रूप में मान्यता दी थी।
सीटीए ने यहां से जारी एक बयान में कहा कि उसका इरादा बीजिंग को कड़ा संदेश देने का है कि चीन के इतिहास से नामो-निशान मिटाने के प्रयासों के बावजूद दुनिया न्यिमा को नहीं भूली है।
सीटीए को अनौपचारिक रूप से तिब्बत की निर्वासित सरकार के रूप में जाना जाता है। उसने यहां अपने मुख्यालय से जारी एक बयान में कहा, “हम चीन की सरकार से पंचेन लामा और उनके परिवार को एक स्वतंत्र जीवन जीने की अनुमति देने का आह्वान करते हैं, जिसके लिए वे अंतरराष्ट्रीय कानूनों और संधियों के तहत हकदार हैं।”
दलाई लामा ने 14 मई 1995 को पंचेन लामा के 11वें अवतार के रूप में न्यिमा का मान्यता दी थी।
सीटीए ने एक बयान में कहा कि चीन ने हालांकि उनके अवतार को मान्यता नहीं दी और 11 नवंबर 1995 को उसने तिब्बती बौद्ध धर्म में दूसरे सबसे बड़े आध्यात्मिक ओहदे पंचेन लामा के रूप में कम्युनिस्ट पार्टी के एक सदस्य के बेटे ग्यालत्सेन नोरबू के नाम की घोषणा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)