देश की खबरें | पुणे हवाईअड्डे से ‘कोविशील्ड’ के लाखों टीके लेकर विमान रवाना
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

पुणे, 12 जनवरी देश में कोरोना वायरस के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के लिए 16 जनवरी को टीकाकरण मुहिम की शुरुआत से चार दिन पहले ‘कोविशील्ड’ टीकों की पहली खेप को मंगलवार सुबह पुणे हवाईअड्डे से दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि चार ‘एयरलाइन’ नौ विमानों से मंगलवार को देश के 13 शहरों में टीकों की 56.5 लाख खुराक पहुंचाएंगी।

‘स्पाइजेट’ का विमान दिल्ली और ‘गोएयर’ का विमान टीके लकेर चेन्नई के लिए सुबह रवाना हो गया और अन्य विमान बाद में रवाना होंगे।

पुरी ने ट्वीट किया, ‘‘आज ‘एअर इंडिया’, ‘स्पाइसजेट’, ‘गोएयर’ और ‘इंडिगो’ नौ उड़ानें संचालित करेंगी, जिनसे पुणे से 56.5 लाख खुराकों को दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, गुवाहाटी, शिलॉन्ग, अहमदाबाद, हैदराबाद, विजयवाड़ा, भुवनेश्वर, पटना, बेंगलुरु, लखनऊ और चंडीगढ़ पहुंचाया जाएगा।’’

‘स्पाइसजेट’ का विमान टीके लेकर सुबह करीब आठ बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ। इससे पहले तापमान नियंत्रित तीन ट्रकों में इन टीकों को तड़के पांच बजे से कुछ समय पहले ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ (एसआईआई) से पुणे हवाईअड्डे के लिए रवाना किया गया था।

पुणे हवाईअड्डे से इन टीकों को हवाई मार्ग के जरिए भारत के अन्य हिस्सों में पहुंचाया जाएगा।

टीकों को ले जाने के काम से जुड़े एक सूत्र ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि टीकों को एसआईआई से रवाना करने से पहले एक पूजा भी की गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)