देश की खबरें | एयर मार्शल पंकज एम. सिन्हा वायुसेना के पश्चिमी कमान के प्रमुख बने
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एयर मार्शल पंकज मोहन सिन्हा ने संवेदनशील लद्दाख सेक्टर सहित उत्तर भारत के कुछ क्षेत्रों की वायु सुरक्षा की जिम्मेदारी वहन करने वाले भारतीय वायुसेना के पश्चिमी कमान के कमांडर-इन-चीफ का पदभार रविवार को संभाल लिया।
नयी दिल्ली, एक जनवरी एयर मार्शल पंकज मोहन सिन्हा ने संवेदनशील लद्दाख सेक्टर सहित उत्तर भारत के कुछ क्षेत्रों की वायु सुरक्षा की जिम्मेदारी वहन करने वाले भारतीय वायुसेना के पश्चिमी कमान के कमांडर-इन-चीफ का पदभार रविवार को संभाल लिया।
उन्होंने एयर मार्शल प्रभाकरण की जगह ली है, जो 39 साल से अधिक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में स्थित पश्चिमी कमान के मुख्यालय में पदभार संभालने के कुछ ही घंटों बाद एयर मार्शल सिन्हा ने सामरिक/रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण लद्दाख क्षेत्र में स्थित थोईस और लेह एयरबेस का निरीक्षण किया और भारतीय वायुसेना की तैयारियों की समीक्षा की।
गौरतलब है कि पूर्वी लद्दाख में भारतीय और चीन सेनाओं के बीच 30 महीने से भी ज्यादा वक्त से गतिरोध जारी है।
एयर मार्शल सिन्हा ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, पुणे से पढ़ाई की है और जून 1985 में वह वायुसेना में पायलट के रूप में कमीशन किए गए थे।
वह वेलिंगटन स्थित प्रतिष्ठित ‘रक्षा सर्विसेज स्टाफ कॉलेज’ के अलम्नाइ (पूर्व छात्र) हैं।
अनुभवी लड़ाकू विमान पायलट और श्रेणी ‘ए’ के उड़ान प्रशिक्षक एयर मार्शल सिन्हा ने 4,500 घंटों से ज्यादा उड़ान भरी है।
उन्होंने 37 साल से ज्यादा लंबे अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों का कार्यभार संभाला है।
वह ‘विशिष्ट सेवा पदक’ और ‘अतिविशिष्ट सेवा पदक’ से सम्मानित हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)