देश की खबरें | एयर मार्शल बालाकृष्णन मणिकांतन ने वायुसेना की दक्षिणी कमान का प्रभार संभाला

तिरुवनंतपुरम, दो मई एयर मार्शल बालाकृष्णन मणिकांतन ने सोमवार को दक्षिणी कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी इन सी) का पदभार ग्रहण किया। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि भारतीय वायुसेना में जून 1986 में कमीशन प्राप्त करने वाले एयर मार्शल को कमान का प्रभार संभालने के अवसर पर यहां भव्य गारद सलामी दी गई।

बयान के मुताबिक, एयर मार्शल मणिकांतन को विभिन्न प्रकार के हेलीकॉप्टर और स्थिर डैने वाले विमानों को उड़ाने का 5,400 घंटे से अधिक का अनुभव है और वह उत्कृष्ट उड़ान प्रशिक्षक हैं।

आगे बयान में कहा गया है कि एयर मार्शल ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और रणनीतिक और वायु युद्ध विकास प्रतिष्ठान (टीएसीडीई) में निर्देशक का कार्य किया, अग्रिम मोर्चे पर सेवारत हेलीकॉप्टर इकाई के कमांडर रहे और दो प्रमुख वायुसेना ठिकानों का नेतृत्व किया।

मणिकांतन केरल के कोट्टायम जिले के मूल निवासी हैं और उन्होंने तिरुवनंतपुरम के कजाकूटम स्थित सैन्य स्कूल से पढ़ाई की तथा पुणे स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में भर्ती हुए। उन्हें सात जून 1986 को वायुसेना में कमीशन मिला।

एयर मार्शल मणिकांतन राष्ट्रपति के अति विशिष्ट सेवा मेडल और वायुसेना मेडल से सम्मानित हो चुके हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)