देश की खबरें | झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा विधायक और आजसू नेता हुए झामुमो में शामिल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले तीन बार के भाजपा विधायक केदार हाजरा और आजसू के नेता उमाकांत रजक शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में शामिल हो गये।

रांची, 18 अक्टूबर झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले तीन बार के भाजपा विधायक केदार हाजरा और आजसू के नेता उमाकांत रजक शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में शामिल हो गये।

हाजरा और रजक ने यहां एक कार्यक्रम में झामुमो का दामन थाम लिया। हाजरा जमुआ से विधायक हैं और उन्होंने कांग्रेस की मंजू कुमारी को 18,175 मतों से हराकर 2019 में विधानसभा चुनाव जीता था।

झामुमो में दोनों नेताओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पृथक झारखंड राज्य के निर्माण के आंदोलन में सक्रियता से भाग ले चुके इन दोनों नेताओं से उनकी पार्टी मजबूत होगी।

झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को चुनाव होंगे तथा मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

भाजपा पर निशाना साधते हुए सोरेन ने कहा, ‘‘झारखंड को सामंती मानसिकता वाले राजनीतिक गिद्धों से बचाने का समय आ गया है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ‘क्षुद्र राजनीतिक स्वार्थ’ के चलते अशांति फैलाना चाहती है।

हाजरा ने कहा कि वैसे तो उन्होंने तीन दशक तक भाजपा की सेवा की लेकिन वह ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन से सदैव प्रेरित रहे हैं और उन्होंने झामुमो को मजबूत करने का निर्णय लिया।

झामुमो सूत्रों के अनुसार पार्टी उन्हें जमुआ सीट से टिकट दे सकती है।

हाजरा 2019 के अलावा 2005 एवं 2014 में जमुआ सीट से विजयी रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\