देश की खबरें | अग्निपथ योजना: प्रदर्शनकारियों ने वाहनों पर पथराव किया, हरियाणा में रेल मार्ग अवरुद्ध

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र सरकार की नयी 'अग्निपथ' योजना के खिलाफ हरियाणा में शुक्रवार को दूसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने बल्लभगढ़ में वाहनों पर पथराव किया, जींद में रेल की पटरियों पर बैठकर मार्ग को अवरुद्ध किया और रोहतक में टायर जलाए।

चंडीगढ़/फरीदाबाद, 17 जून केंद्र सरकार की नयी 'अग्निपथ' योजना के खिलाफ हरियाणा में शुक्रवार को दूसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने बल्लभगढ़ में वाहनों पर पथराव किया, जींद में रेल की पटरियों पर बैठकर मार्ग को अवरुद्ध किया और रोहतक में टायर जलाए।

पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए हल्के लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया गया और बल्लभगढ़ में 40 से अधिक युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारियों ने बताया, पलवल में हिंसक विरोध के बाद, हरियाणा सरकार ने एहतियात के तौर पर फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ इलाके में मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं को 24 घंटे के लिए अस्थायी रूप से निलंबित किया है।

हरियाणा के हिसार, नारनौल, फतेहाबाद और झज्जर जिलाों में भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा।

हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पुलिस ने बताया कि बल्लभगढ़ में प्रदर्शनकारियों में मुख्य रूप से कॉलेज के छात्र शामिल थे। युवाओं ने 'अग्निपथ' योजना के खिलाफ नारेबाजी की और अनाज मंडी के पास पथराव किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। उन्होंने बताया उक्त मामले में 40 से अधिक युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रेवाड़ी से भारतीय रिजर्व बटालियन की एक टुकड़ी बुलायी गयी है।

विशेष तौर पर हरियाणा के रेवाड़ी में अग्निपथ योजना को लेकर विरोध प्रदर्शन देखा गया है। वहीं, जींद में, प्रदर्शनकारी नरवाना में रेल की पटरियों पर बैठे रहे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ''उन्होंने (प्रदर्शनकारियों ने) नरवाना में दिल्ली-बठिंडा रेल मार्ग को तीन घंटे तक अवरुद्ध किया। हालांकि, विरोध शांतिपूर्ण रहा और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।''

नारनौल और हिसार में युवकों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान सड़कों पर पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधकों (बैरिकेड्स) को तोड़ दिया और योजना को वापस लेने की मांग की।

महावीर स्टेडियम में एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तिरंगा पकड़ा था। उन्होंने लघु सचिवालय तक विरोध मार्च निकाला और केंद्र और अग्निपथ योजना के खिलाफ नारेबाजी की।

रोहतक में प्रदर्शन कर रहे युवकों ने टायर जलाए। राजीव गांधी स्टेडियम और महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के पास और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया।

पलवल, फरीदाबाद, रोहतक और नारनौल सहित कुछ जिलों में विरोध प्रदर्शन के बाद दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गयी है।

हरियाणा भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग को लेकर एक दिवसीय अनशन पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र देश की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है।

गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है लेकिन हिंसा, आगजनी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी। अराजकता में लिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जा सकता।

इस बीच, पुलिस ने पलवल जिले में बृहस्पतिवार को हुई हिंसा को लेकर एक हज़ार से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

उन्होंने कहा कि हिंसा के सिलसिले में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं। उन्होंने बताया कि दो प्राथमिकी पलवल अनुमंडल में और एक होडल अनुमंडल में दर्ज की गयी है।

पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि 80 नामज़द युवाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि अन्य 950 की पहचान अभी नहीं की गयी है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वीडियो क्लिप और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से सभी आरोपियों का सत्यापन और पहचान की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि सरकार ने दशकों पुरानी रक्षा भर्ती प्रक्रिया में आमूल-चूल परिवर्तन करते हुए तीनों सेनाओं में संविदा के आधार पर चार साल के लिए सैनिकों की भर्ती संबंधी ‘अग्निपथ’ योजना की मंगलवार को घोषणा की थी। चयन के लिए पात्रता आयु साढ़े 17 वर्ष से 21 वर्ष के बीच होगी और इन्हें ‘अग्निवीर’ नाम दिया जाएगा।

बृहस्पतिवार को सरकार ने वर्ष 2022 के लिए इस प्रक्रिया के तहत भर्ती की उम्र पूर्व में घोषित 21 साल से बढ़ाकर 23 साल कर दी।

रेवाड़ी, चरखी दादरी, गुरुग्राम और पलवल जैसे हरियाणा के जिलों से बड़ी संख्या में युवा सशस्त्र बलों में जाते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\