देश की खबरें | ‘रत्न भंडार’ की मरम्मत के बाद यहां रखीं कीमती सामानों की सूची बनाई जाएगी: ओडिशा मंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने राज्य विधानसभा में शनिवार को बताया कि पुरी के जगन्नाथ मंदिर के ‘रत्न भंडार’ में जारी मरम्मत कार्य के पूरा होने पर उसके कीमती सामानों की सूची बनाई जाएगी।
भुवनेश्वर, 15 फरवरी ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने राज्य विधानसभा में शनिवार को बताया कि पुरी के जगन्नाथ मंदिर के ‘रत्न भंडार’ में जारी मरम्मत कार्य के पूरा होने पर उसके कीमती सामानों की सूची बनाई जाएगी।
बीजू जनता दल (बीजद) के विधायक तुषारकांति बेहरा के एक सवाल के लिखित उत्तर में उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा अनुमोदित दिशा-निर्देशों के तहत ‘रत्न भंडार’ 14 जुलाई, 2024 को खोला गया था।
उन्होंने बताया कि रत्न भंडार से आभूषणों को स्थानांतरित करने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा इसकी मरम्मत की जा रही है।
मंत्री ने बताया, ‘‘मरम्मत का काम पूरा होने के बाद आभूषणों की सूची बनाई जाएगी। उसके बाद ही आभूषणों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा सकेगी।’’
उन्होंने बताया कि ‘रत्न भंडार’ में संग्रहीत बहुमूल्य वस्तुओं की पिछली सूची साल 1978 में 13 मई से 23 जुलाई के बीच बनाई गई थी।
हरिचंदन ने सदन को दिए एक अन्य लिखित बयान में कहा कि पुराने भूमि अभिलेखों से एकत्र आंकड़ों से पता चला है कि ओडिशा के 30 में से 24 जिलों में श्री जगन्नाथ महाप्रभु बिजे, पुरी के नाम पर कुल 60,426.943 एकड़ जमीन है।
उन्होंने बताया कि इन जमीनों में से 38,061.892 एकड़ जमीन वर्तमान में श्री जगन्नाथ महाप्रभु बिजे, पुरी के नाम पर अभिलेख में दर्ज है।
मंत्री ने बताया कि मंदिर को वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान राज्य में उसकी भू-संपत्तियों से 33.02 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)