देश की खबरें | ‘एयरो इंडिया’ कार्यक्रम में होगा नौसेना के मिग-29के, पोत रोधी हेलीकॉप्टर का प्रदर्शन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय नौसेना ‘एयरो इंडिया 2025’ में चौथी पीढ़ी के लड़ाकू विमान मिग-29के, ‘सीकिंग 42बी’ और पोत रोधी हेलीकॉप्टर समेत नौसेना विमानन के विभिन्न प्रकार के विमानों एवं उपकरणों का प्रदर्शन करेगी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, नौ फरवरी भारतीय नौसेना ‘एयरो इंडिया 2025’ में चौथी पीढ़ी के लड़ाकू विमान मिग-29के, ‘सीकिंग 42बी’ और पोत रोधी हेलीकॉप्टर समेत नौसेना विमानन के विभिन्न प्रकार के विमानों एवं उपकरणों का प्रदर्शन करेगी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

नौसेना इसके अलावा प्रदर्शनी क्षेत्र में हल्के लड़ाकू विमान (नौसेना) का भी प्रदर्शन करेगी। इस विमान को वैमानिकी विकास प्रतिष्ठान (एडीए) ने डिजाइन किया है और इसका निर्माण बेंगलुरु स्थित हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने किया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एशिया के सबसे बड़े एयर शो ‘एयरो इंडिया’ के 15वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। वह बेंगलुरु में कार्यक्रम स्थल पर ‘इंडिया पैवेलियन’ का भी उद्घाटन करेंगे।

सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि उन्होंने ‘एयरो इंडिया’ के सोमवार को शुरू होने से पहले रविवार को अपने फिजी समकक्ष पियो टिकोदुआदुआ से मुलाकात की तथा रक्षा सहयोग को और प्रगाढ़ करने के तरीकों पर चर्चा की।

सिंह ने बताया कि वे दोनों रक्षा सहयोग पर भारत-फिजी संयुक्त कार्य समूह (जेडब्ल्यूजी) को संस्थागत बनाने पर सहमत हुए।

बेंगलुरु पहुंचने के बाद टिकोदुआदुआ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘फिजी और भारत के बीच सहयोग का पुराना इतिहास है तथा हम अपने संबंधों को और आगे बढ़ाने की उम्मीद करते हैं।’’

सिंह ने सोशल मीडिया मंच पर एक अलग ‘पोस्ट’ में बताया कि उन्होंने दक्षिण सूडान के रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल चोल थोन जे बालोक से भी मुलाकात की और उन्होंने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग की समीक्षा की।

रक्षा मंत्रालय ने कहा, ‘‘एयरो इंडिया 2025 का उपयोग आम लोगों को विभिन्न प्रकार के नौसैन्य विमानों से अवगत कराने और उन्हें प्रदर्शित करने के अवसर के रूप में किया जा रहा है।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘इसमें चौथी पीढ़ी का लड़ाकू विमान मिग-29के, कामोव 31 हवाई पूर्व चेतावनी हेलीकॉप्टर, सीकिंग 42बी और एमएच 60 आर पनडुब्बी रोधी और पोत रोधी हेलीकॉप्टर शामिल होंगे।’’

एयरो इंडिया 2025 का आयोजन 10 से 14 फरवरी 2025 तक कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू के येलहंका वायुसेना स्टेशन पर किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now