बेंगलुरु, 13 फरवरी एयरो इंडिया-2023 के उद्घाटन सत्र में सोमवार को सांसें थमा देने वाले हवाई करतबों ने इस प्रदर्शनी का आनंद उठाने आये दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भारतीय वायुसेना के येलहंका स्टेशन परिसर में आयोजित इस पांच-दिवसीय एयरोस्पेस एवं रक्षा प्रदर्शनी के पहले दिन आसमान का सीना चीरकर विमान कभी आंखों से ओझल हो जाते तो कभी हवाई कलाबाजियां एवं अन्य प्रकार के करतब दिखाते हुए दर्शकों को दांतों तले अंगुली दबाने पर मजबूर कर देते।
अपनी ताकत का प्रदर्शन करने वाले विमानों में हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा निर्मित हल्के लड़ाकू विमान तेजस, हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर, सुखोई-30 और उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ शामिल थे।
उद्घाटन सत्र के दौरान ‘तिरंगा’, ‘ध्वज’ और ‘भीम’ जैसे विभिन्न फॉर्मेशन का प्रदर्शन किया गया।
एशिया के सबसे बड़े एयरो शो के उद्घाटन सत्र की मुख्य विशेषता यह रही कि वायुसेना प्रमुख एअर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने तेजस विमानों के गुरुकुल फॉर्मेशन का नेतृत्व किया।
भारतीय वायुसेना के सूर्यकिरण विमानों ने अपने हैरतअंगेज प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
इस प्रदर्शनी में हिस्सा लेने वाले पायलटों में से एक ने बताया कि नौ पायलटों ने ‘डायमंड’ फॉर्मेशन बनाया।
इस पायलट ने कहा, ‘‘हॉक के प्रदर्शनी में शामिल किये जाने से लेकर अब तक का यह मेरा चौथा एयरो इंडिया प्रदर्शन है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY