देश की खबरें | आदित्य ठाकरे ने वंदे भारत उड़ानों को लेकर केन्द्र से समन्वय का अनुरोध किया

मुंबई, 30 जून महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा है कि नागर विमानन मंत्रालय को वंदे भारत अभियान में राज्य सरकारों के साथ समन्वय स्थापित करना चाहिये ताकि दुनियाभर में फंसे भारतीयों को प्रभावी ढंग से स्वदेश लाया जा सके।

ठाकरे ने 29 जून को नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी को लिखे पत्र में कहा कि स्वदेश लौटे अधिकतर लोग संबंधित राज्य सरकारों के संपर्क में है।

यह भी पढ़े | कोरोना के उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 672 नए मरीज पाए गए: 30 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

ठाकरे ने कहा कि उन्होंने इससे पहले विदेश मंत्रालय और एयर इंडिया के प्रबंध निदेशक को भेजे गए पत्र में मध्य पूर्व, ऑस्ट्रेलिया और रूस समेत अन्य देशों के लिये उड़ानों का अनुरोध किया था।

मंत्री ने कहा, ''हालांकि कुछ उड़ानों का प्रबंध किया गया, लेकिन ऐसी और उडा़नों की जरूरत है।''

यह भी पढ़े | महाराष्ट्र: सरकारी कार्यालयों में आधिकारिक के रूप में मराठी अनिवार्य, पालन न करने पर होगी कठोर कार्रवाई.

वंदे भारत अभियान-4 का कार्यक्रम राज्य सरकार को सुपुर्द कर दिया गया है।

ठाकरे ने कहा, ''मध्य पूर्व में फंसे लोगों और राज्य सरकार के बार-बार अनुरोध के बावजूद मध्य पूर्व से महाराष्ट्र के लिये कोई उड़ान नहीं है।''

वंदे भारत अभियान के चौथे चरण के तहत सभी 21 उड़ानें छह देशों के सात शहरों से होंगी, जिसमें महाराष्ट्र के अधिक निवासी नहीं होंगे।

मंत्री ने कहा, ''हम चाहते हैं कि इस मुद्दे का समाधान निकाला जाए। महाराष्ट्र के साथ अन्याय हुआ है। हर राज्य को अपने लोगों को वापस लाना चाहिये, लेकिन यह समान रूप से और उचित तरीके से होना चाहिए। "

केन्द्र सरकार ने विदेश में फंसे भारतीयों को स्वेदश लाने के लिये छह मई को वंदे भारत अभियान शुरू किया था।

कोरोना वायरस महामारी के चलते भारत में अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं 23 मार्च से बंद हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)