देश की खबरें | हर वर्ग और तबके के लोगों को भाजपा के साथ जोड़ें : डी. पुरंदेश्वरी

लखनऊ, 17 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्‍ट्रीय महामंत्री डी. पुरंदेश्वरी ने सोमवार को पार्टी पदाधिकारियों से आह्वान करते हुए कहा कि हमें सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास की पार्टी की नीति को आगे बढाते हुए समाज के हर वर्ग और तबके के लोगों को भाजपा के साथ जोड़ने का काम करना है।

सोमवार को भाजपा के राज्य मुख्यालय पर आयोजित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए पुरंदेश्वरी ने कहा कि सशक्त मंडल, सक्रिय बूथ हमारी संगठनात्मक संरचना का मूल मंत्र है।

उन्‍होंने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भाजपा पूरे देश में सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी व सर्वग्राही बन चुकी है, फिर भी हमें अपने संगठन विस्तार की यात्रा को धीमा नहीं करना है, बल्कि हमें सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास की पार्टी की नीति को आगे बढाते हुए समाज के हर वर्ग और तबके के लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने का काम करना है।''

बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह उपस्थित रहे।

पुरंदेश्वरी ने कहा कि हम सबको मिलकर संगठन की योजनानुसार प्रवास, संवाद और समन्वय के आधार पर पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक लम्बे काल खण्ड के बाद जनता ने लगातार दूसरी बार हमारी पार्टी को अपना आशीर्वाद देकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का काम किया है, ऐसे में हम सब की जिम्मेदारी है कि केन्द्र एवं राज्य की भाजपा सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को मिले इसके लिए भी संकल्पबद्ध होकर कार्य करना है।

भाजपा मुख्यालय से जारी बयान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने राष्ट्रीय महामंत्री का स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों, अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों के संदर्भ में जो भी योजना बनेगी उस पर शत प्रतिशत अमल होगा।

पुरंदेश्वरी सोमवार की सुबह लखनऊ हवाई अड्डे पर पहुंचीं जहां भूपेंद्र चौधरी, धर्मपाल सिंह व प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)