जरुरी जानकारी | अडाणी समूह का नकदी भंडार 13.7 प्रतिशत बढ़कर 45,895 करोड़ रुपये पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अडाणी समूह की कंपनियों के पास नकदी चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में 13.7 प्रतिशत बढ़कर 45,895 करोड़ रुपये रही। कारोबार में कमाई बढ़ने तथा कर्ज लगभग अपरिवर्तित रहने से कंपनियों के पास नकदी बढ़ी है।
नयी दिल्ली, 14 दिसंबर अडाणी समूह की कंपनियों के पास नकदी चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में 13.7 प्रतिशत बढ़कर 45,895 करोड़ रुपये रही। कारोबार में कमाई बढ़ने तथा कर्ज लगभग अपरिवर्तित रहने से कंपनियों के पास नकदी बढ़ी है।
समूह ने कर्ज की स्थिति पर छमाही प्रदर्शन रिपोर्ट में कहा कि इस वित्त वर्ष में अप्रैल-सितंबर में कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) बढ़कर 71,253 करोड़ रुपये हो गयी, जो एक साल पहले 57,219 करोड़ रुपये थी। सकल संपत्तियां छह प्रतिशत बढ़कर लगभग 4.5 लाख करोड़ रुपये हो गईं।
वहीं सकल कर्ज 2.26 लाख करोड़ रुपये पर अपरिवर्तित रहा। हालांकि, नकदी की स्थिति को देखते हुए शुद्ध रूप से कर्ज इस साल अप्रैल-सितंबर के दौरान 1.80 लाख करेाड़ रुपये रहा। यह 2022 में अप्रैल-सितंबर के दौरान 1.87 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले 3.6 प्रतिशत कम है।
समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज लि. और बंदरगाह कंपनी अडाणी पोर्ट्स और स्पेशल इकनॉमिक जोन की कर पूर्व आय सबसे अधिक रही। समूह में नकदी में भी इन दोनों कंपनियों का हिस्सा 37 प्रतिशत है।
वहीं अडाणी एंटरप्राइजेज पर सबसे ज्यादा 1,03,926 करोड़ रुपये का कर्ज था, इसके बाद अडाणी पोर्ट्स और स्पेशल इकनॉमिक जोन पर 99,901 करोड़ रुपये और अडाणी पावर लि. पर 91,742 करोड़ रुपये का कर्ज था।
समूह की कंपनियों में अडाणी टोटल गैस लि. पर सबसे कम 4,773 करोड़ रुपये का कर्ज था।
अडाणी समूह ने कहा, ‘‘हर जो कर्ज परिपक्व हो रहे हैं, उसे परिचालन खर्च (एफएफओ) और नकदी के माध्यम से पूरा किया जाता है। दीर्घकाल में परिपक्व होने वाले कर्ज में कोई भी ऐसा ऋण नहीं है, जो परिचालन कोष के दायरे से बाहर हो।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)