देश की खबरें | अडाणी संकट : आईवाईसी ने जेपीसी से जांच कराने की मांग की, जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय युवा कांग्रेस ने सोमवार को यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया और अडाणी समूह के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों की जांच संयुक्त संसदीय समिति से कराने की मांग की ।

नयी दिल्ली, छह फरवरी भारतीय युवा कांग्रेस ने सोमवार को यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया और अडाणी समूह के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों की जांच संयुक्त संसदीय समिति से कराने की मांग की ।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी की अगुवाई में प्रदर्शनकारियों ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उनके हाथों में तख्तियां थीं जिन पर लिखा था, ‘‘भारतीय स्टेट बैंक और जीवन बीमा निगम के माध्यम से करदाताओं का पैसा सरकार ने अडाणी समूह को दे दिया। लेकिन अब सरकार के पास इसका उत्तर क्यों नहीं है ?’’

अमेरिका की शॉर्ट सेलर ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ की रिपोर्ट में गौतम अडाणी की अगुवाई वाले समूह पर धोखाधड़ी वाले लेनदेन और शेयर की कीमतों में हेरफेर का आरोप लगाया गया था। उसके बाद से समूह की कंपनियों के शेयरों में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया। हालांकि, अडाणी समूह ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए कहा है कि वह सभी कानूनों और खुलासा अनिवार्यताओं को पूरा करता रहा है।

कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि अडाणी समूह के शेयरों में मंदी का दौर है जो एक घोटाला है जिसमें आम लोगों का पैसा लगा है क्योंकि जीवन बीमा निगम (एलआईसी) एवं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने इसमें निवेश किया है ।

श्रीनिवास ने कहा, ‘‘अडाणी घोटाला स्वतंत्र भारत का सबसे बड़ा घोटाला है। मोदी सरकार अडाणी के खिलाफ लगे धोखाधड़ी के आरोपों पर चुप है, जो मामले में उसकी मिलीभगत को परिलक्षित करता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री अपनी ईमानदारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ नीति के बारे में बात करते हैं। इस स्थिति में, जब इस तरह के गंभीर आरोप एक कंपनी के खिलाफ लग रहे हैं, तब प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री चुप क्यों हैं ।’’

अडाणी समूह के खिलाफ लगे आरोपों की संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराने की मांग करते हुये कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी कई सालों से विरोधियों और विभिन्न बिजनेस घरानों को दंडित करने के लिये एजेंसियों (ईडी, सीबीआई और डीआरआई) का दुरुपयोग कर रही है। ऐसी परिस्थिति में, अडाणी समूह के खिलाफ लगे गंभीर आरोपों की जांच के लिये कौन से कदम उठाये गये हैं। मौजूदा शासन में क्या निष्पक्ष जांच की कोई उम्मीद है।’’

एक प्रदर्शनकारी ने कहा, ‘‘अडाणी समूह के घोटालों से संबंधित रिपोर्ट को आये 13 दिन हो गये हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने एक शब्द भी नहीं बोला है। विपक्ष इस पर सदन में चर्चा की मांग कर रहा है लेकिन प्रधानमंत्री इससे भाग रहे हैं।’’

प्रदर्शनकारियों ने विरोध मार्च निकाला, और पुलिस की ओर से लगाये गये अवरोधों पर वे चढ़ गये ।

उन्होंने एक ब्रीफकेस भी जलाया जिस पर एलआईसी और एसबीआई लिखा था। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, इसका मकसद यह संदेश देना था कि ‘‘घोटाले’’ के रूप में लोगों का पैसा जल रहा है।

कुछ प्रदर्शनकारियों को बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया ।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी समेत संगठन के कुछ सदस्यों को हिरासत में ले लिया गया और उन्हें मंदिर मार्ग पुलिस थाने ले जाया गया जहां से उन्हें कुछ देर बाद छोड़ दिया गया ।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\