देश की खबरें | प्रधानमंत्री के असम दौरे के दौरान ‘आप’ ने मंहगाई के मुद्दे पर किया प्रदर्शन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम की राजनीति में नयी-नयी शामिल हुई आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को महंगाई के खिलाफ राज्यव्यापी प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम दौरे के दौरान किया गया।

गुवाहाटी, 28 अप्रैल असम की राजनीति में नयी-नयी शामिल हुई आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को महंगाई के खिलाफ राज्यव्यापी प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम दौरे के दौरान किया गया।

पुलिस ने गुवाहाटी में प्रदर्शन कर रहे कई ‘ आप’ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जबकि पार्टी ने लखीमपुर, डिब्रूगढ़, धुबरी और तिनसुकिया में भी प्रदर्शन किया।

‘आप’ की असम इकाई के अध्यक्ष भाबेन चौधरी ने कहा, ‘‘हमारे सदस्यों ने पूरे राज्य में कीमतों में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन किया।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘गुवाहाटी में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया और अब उन्हें रिहा करने की प्रक्रिया चल रही है लेकिन उन्होंने (कार्यकर्ताओं ने) हिरासत के दौरान उत्पीड़न का सामना किया।’’

चौधरी ने बताया कि कुछ पार्टी कार्यकर्ता उस समय मामूली रूप से घायल हो गए जब पुलिस ने बलपूर्वक उन्हें प्रदर्शन स्थल से ले जाने की कोशिश की।

पुलिस ने बताया कि राज्य सचिवालय कॉप्लेक्स के पास जिन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है उन्हें ‘व्यक्तिगत मुचलके’ पर रिहा किया जा रहा है।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ कानूनी प्रक्रिया का अनुपालन किया जा रहा है। उन्हें ‘व्यक्तिगत मुचलके’ पर रिहा किया जा रहे है, जैसा कि ऐसे मामलों में किया जाता है।’’

आप नेता रुमी उल्लाह ने दावा किया कि गुवाहाटी में राहगीर भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा, ‘‘ बढ़ती हुई कीमतों का मुद्दा ऐसा है जो सभी को प्रभावित करता है। लोग इससे तंग आ गए हैं और वे स्वत: हमारे प्रदर्शन में शामिल हुए।’’

उन्हेंने बताया कि डिब्रूगढ़, धुबरी और तिनसुकिया में भी प्रदर्शन किया गया और गोलाघाट में पार्टी ने बढ़ती कीमतों के मुद्दे पर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने, गोवा विधानसभा की सीट जीतने से उत्साहित अरविंद केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी (आप) पूरे देश में अपनी उपस्थिति का विस्तार करने की कोशिश कर रही है और पार्टी को इस पूर्वोत्तर राज्य में पहली चुनावी जीत मिली है।

आप को इस साल मार्च में हुए निकाय चुनाव में दो वार्डों में जीत मिली थी जबकि इस महीने गुवाहाटी नगर निगम के लिए हुए चुनाव में एक वार्ड में जीत मिली थी।

आप ने असम में लोकसभा और विधानसभा चुनाव भी लड़ा था लेकिन उसे कोई सफलता नहीं मिली।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now