ताजा खबरें | आप सदस्य संजय सिंह ने रास में सरकार पर लगाया देश की संपत्ति बेचने का आरोप
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. केंद्र सरकार द्वारा पेश बजट 2021-22 को ‘‘अमीरों का बजट’’ बताते हुए आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि सरकार देश की संपत्ति बेच रही है।
नयी दिल्ली, 12 फरवरी केंद्र सरकार द्वारा पेश बजट 2021-22 को ‘‘अमीरों का बजट’’ बताते हुए आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि सरकार देश की संपत्ति बेच रही है।
राज्यसभा में बजट पर चर्चा में हिस्सा ले रहे सिंह ने कहा ‘‘यह बजट देश की संपत्ति को बेचने के लिए है। आप रेल, सेल (एसएआईएल), कोयला, एलआईसी, बैंक, हवाईअड्डे, बंदरगाह, एफसीआई, बिजली, पानी, सड़क, बीपीसीएल.... बेच रहे हैं। ’’
उन्होंने कहा कि देश की इस संपत्ति का सृजन 130 करोड़ भारतीयों ने किया है और यह निजी संपत्ति नहीं है जिसे बेचा जा सके।
सिंह ने कहा ‘‘प्रधानमंत्री ने 75 दिन से कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों को ‘आंदोलनजीवी’ कह कर उनका मजाक उड़ाया है। अब तक कम से कम 175 किसानों की आंदोलन के दौरान जान जा चुकी है। ’’
उन्होंने कहा ‘‘ हमें क्रांतिकारियों पर, आंदोलनजीवियों पर गर्व है... वे लोग भाषणजीवी नहीं हैं।
सिंह ने कहा कि सदन में चौधरी चरण सिंह का नाम लिया गया लेकिन उनके अनुयायी दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे हैं और ‘‘आप उनकी सुध नहीं ले रहे हैं, उनका मजाक उड़ा रहे हैं।’’
इसी दौरान संसदीय कार्य राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने नियम 240 के तहत व्यवस्था का प्रश्न उठाया। पीठासीन अध्यक्ष संबित पात्रा से अनुमति मिलने पर उन्होंने कहा ‘‘चर्चा में हिस्सा ले रहे किसी भी सदस्य को अप्रासंगिक बातों पर नहीं बोलना चाहिए। चर्चा बजट पर केंद्रित होनी चाहिए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)