देश की खबरें | कर्नाटक के गांव में दूषित पानी पीने के बाद एक युवक की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के मैसुरु जिले के एक गांव में सोमवार को दूषित पानी पीने के बाद एक व्यक्ति की संदिग्ध रूप से मौत हो गयी और कई अन्य लोग बीमार पड़ गये। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मैसुरु (कर्नाटक), 11 मई कर्नाटक के मैसुरु जिले के एक गांव में सोमवार को दूषित पानी पीने के बाद एक व्यक्ति की संदिग्ध रूप से मौत हो गयी और कई अन्य लोग बीमार पड़ गये। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, प्रभावित व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने घटना पर गंभीर रुख अख्तियार करते हुए संबंधित प्राधिकारियों को मामले की जांच और अस्पताल में भर्ती मरीजों को उचित उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पुलिस के मुताबिक, चामुण्डेश्वरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सालुंडी गांव में दूषित पानी पीने के बाद कनकराज (20) की मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि कनकराज को उल्टी की शिकायत के बाद सोमवार को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, समान लक्षण वाले कुछ अन्य लोगों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिद्धरमैया ने घटना के बारे में जानकारी मिलने के बाद उपायुक्त और जिला स्वास्थ्य अधिकारी से युवक की मौत के संबंध में फोन पर बात की।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, ''मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जल प्रदूषण के कारणों का पता लगाने और उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)