देश की खबरें | तृणमूल विधायकों पर टिप्पणी को लेकर भाजपा के शुभेंदु के खिलाफ बंगाल विधानसभा में प्रस्ताव पारित

कोलकाता, 13 मार्च तृणमूल कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों पर विवादास्पद टिप्पणी को लेकर पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ सत्तारूढ़ दल द्वारा लाया गया प्रस्ताव बृहस्पतिवार को पारित कर दिया गया।

सदन ने ध्वनि मत से प्रस्ताव पारित कर दिया।

विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी द्वारा भाजपा के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा की अनुमति देने से इनकार किए जाने के बाद भाजपा सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन कर दिया। इसके बाद तृणमूल के मुख्य सचेतक निर्मल घोष ने शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया।

घोष ने सदन में प्रस्ताव पेश करते हुए दावा किया कि अधिकारी ने देश के धार्मिक और सामाजिक ढांचे पर हमला किया है।

अधिकारी ने मंगलवार को टिप्पणी की थी कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो तृणमूल कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों को विधानसभा से ‘‘बाहर निकाल दिया जाएगा’’

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को मुस्लिम विधायकों पर नेता प्रतिपक्ष की विवादास्पद टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)