देश की खबरें | हरियाणा के गुरुग्राम में गैस सिलेंडर फटने से व्यक्ति की मौत

गुरुग्राम, 28 अप्रैल हरियाणा के गुरुग्राम स्थित शिकोहपुर गांव में सोमवार को एक घर में गैस सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसका बेटा घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, विस्फोट की घटना में बच्चा घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, रेवाड़ी के कुभावास गांव का रहने वाला सुशील अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहता था। पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के करीब पांच बजे कमरे में रसोई गैस की दुर्गंध आने से उसकी नींद खुली, उसके बाद सुशील ने तत्काल अपने बच्चों को कमरे से बाहर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद जब उसने कमरे की लाइट चालू की तो सिलेंडर फट गया और आग लग गई।

पुलिस ने बताया कि इस हादसे में सुशील गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौत हो गई, जबकि उसका नाबालिग बेटा घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि आग पर पड़ोसियों की मदद से काबू पा लिया गया।

उसने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)