लुधियाना में दिन-दहाड़े शिवसेना (पंजाब) के एक नेता पर तलवारों से हमला, दो लोग गिरफ्तार

पंजाब के लुधियाना में शुक्रवार को दिन-दहाड़े तीन अज्ञात हमलावरों ने शिवसेना (पंजाब) के एक नेता पर तलवारों से हमला कर दिया.

Representational Image | Pixabay

लुधियाना, 6 जुलाई : पंजाब के लुधियाना में शुक्रवार को दिन-दहाड़े तीन अज्ञात हमलावरों ने शिवसेना (पंजाब) के एक नेता पर तलवारों से हमला कर दिया. पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हमले में नेता गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के कुछ घंटों बाद ही फतेहगढ़ साहिब जिले से दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया.पुलिस ने बताया कि घटना के समय संदीप थापर के साथ मौजूद उनके सुरक्षाकर्मी को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया. विपक्षी दलों ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर निशाना साधा और नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की.

पुलिस ने बताया कि संदीप थापर (58) पर हमला उस समय किया गया, जब वह संवेदना ट्रस्ट के संस्थापक-अध्यक्ष रविंदर अरोड़ा की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होने के बाद सिविल अस्पताल के निकट स्थित ट्रस्ट के कार्यालय से बाहर निकल रहे थे. संवेदना ट्रस्ट मरीजों को निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा और शव वाहन उपलब्ध कराता है. घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. कथित वीडियो में निहंग की वेशभूषा में आए हमलावरों ने थापर पर उस समय हमला किया जब वह स्कूटर पर थे और उनके पीछे उनका सुरक्षाकर्मी बैठा हुआ था. यह भी पढ़ें : राष्ट्रपति मुर्मू ने 10 जवानों को कीर्ति चक्र से और 26 को शौर्य चक्र से सम्मानित किया

वीडियो में थापर हमलावरों से हाथ जोड़कर बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं कि अचानक उनमें से एक व्यक्ति उन पर तलवार से हमला कर देता है. घटना के वक्त राहगीरों को मौके पर खड़े हुए देखा जा सकता है. वीडियो में एक अन्य हमलावर थापर के सुरक्षाकर्मी को धक्का देकर दूर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है. थापर के गिरने के बाद तीसरे हमलावर ने भी तलवार से हमला करना शुरू कर दिया. बाद में दो आरोपी थापर के स्कूटर पर बैठकर भाग गए. पुलिस ने बताया कि सिर में चोट लगने के कारण थापर को तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया. बाद में उन्हें एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. लुधियाना के पुलिस आयुक्त कुलदीप चहल और फतेहगढ़ साहिब के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रवजोत ग्रेवाल ने यहां संवाददाताओं को बताया कि थापर के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं.

लुधियाना के रहने वाले दो हमलावरों सरबजीत सिंह और हरजोत सिंह को फतेहगढ़ साहिब से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने बताया कि उनके पास से स्कूटर भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक, तीसरा हमलावर तहल सिंह फरार है और उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. उसने बताया कि थापर के सुरक्षाकर्मी को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हमले की निंदा की और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की. भाजपा की पंजाब इकाई के महासचिव अनिल सरीन ने कहा कि मान न केवल राज्य के मुख्यमंत्री हैं, बल्कि उनके पास गृह विभाग भी है.

उन्होंने आरोप लगाया कि जब से आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पंजाब में आई है तब से राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर हो गई है. भाजपा नेता ने दावा किया, “हत्या व डकैती के मामलों और गैंगस्टरों की गतिविधियों में वृद्धि हुई है. नतीजतन, लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है.” सरीन ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर ‘पूरी तरह विफल’ साबित हुई है. उन्होंने कहा कि इस तरह के हालात में मुख्यमंत्री को ऐसी घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए.

Share Now

संबंधित खबरें

DC vs PBKS, IPL 2026 35th Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से रौंदा, प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर ने खेली आतिशी पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

DC vs PBKS, IPL 2026 35th Match Scorecard: अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के सामने रखा 265 रनों का टारगेट, केएल राहुल और नीतीश राणा ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

DC vs PBKS, IPL 2026 35th Match Live Score Update: अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स बनाम पंजाब किंग्स के बीच खेला जा रहा है रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

DC vs PBKS, IPL 2026 35th Match Live Toss And Scorecard: अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड