देश की खबरें | असम में पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास कर रहे शिकारी को गोली लगी

तेजपुर (असम), 30 मई असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में पाये जाने वाले एक सिंग वाले गैंडों का शिकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया कथित शिकारी पुलिस हिरासत से भागने के प्रयास में गोली लगने से घायल हो गया। एक अधिकारी ने सोमवार यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना विश्वनाथ जिले में हुई।

जिले के पुलिस अधीक्षक नवीन सिंह ने कहा कि आरोपी को पड़ोसी नौगांव जिले के जुरिया से शनिवार को गिरफ्तार किया गया था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि उसने गैंडों का शिकार करने और उनकी सिंग काटने के लिए नगालैंड के दिमापुर से हथियार खरीदे हैं और हथियारों को जिले के सुवागुरी में छुपाया है।

पुलिस की एक टीम आरोपी को हथियारों की बरामदगी के लिए मौके पर ले जा रही थी लेकिन उसने कांस्टेबल पर हमला करके भागने का प्रयास किया।

पुलिस ने आरोपी को रोकने के लिए हवा में गोली चलायी, लेकिन जब वह नहीं रुका तो उसके पैरों में गोली मारी।

आरोपी को तत्काल जिले के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया बाद में उसे तेजपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)