देश की खबरें | सहारनपुर में पटाखा फैक्टरी में भीषण धमाका, जानमाल के नुकसान की आशंका

सहारनपुर (उप्र), 26 अप्रैल सहारनपुर जिले के देवबंद थाना इलाके में शनिवार को एक पटाखा फैक्टरी में भीषण धमाका हुआ जिसकी गूंज करीब दो किलोमीटर तक सुनी गयी। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने भारी नुकसान की आशंका जताई है, क्योंकि जिस समय हादसा हुआ फैक्टरी में कई लोग काम कर रहे थे और धमाके के कारण इमारत ढह गई।

हालांकि, किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय स्तर पर आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह धमाका निहाल खेड़ी गांव में स्थित पटाखा फैक्टरी में हुआ और वहां मजदूर काम कर रहे थे।

जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये हैं। सूत्रों के अनुसार जिस भवन में फैक्टरी संचालित की जा रही थी वह भी भरभराकर नीचे गिर गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस क्षेत्र में प्रशासन की लापरवाही के कारण कई अवैध पटाखा फैक्ट्रियां संचालित की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)