देश की खबरें | शादी से एक दिन पहले प्रेमी के साथ घर छोड़कर जा रही युवती की सड़क हादसे में मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र में शादी से एक दिन पहले घर छोड़कर जा रही एक युवती और उसके प्रेमी समेत तीन लोगों की ट्रक की टक्कर लगने से मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

मिर्जापुर, 28 मई उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र में शादी से एक दिन पहले घर छोड़कर जा रही एक युवती और उसके प्रेमी समेत तीन लोगों की ट्रक की टक्कर लगने से मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

थानाध्यक्ष अरविंद पांडे ने बताया कि जिगना थाना क्षेत्र के सुमतिया गांव के पास शनिवार देर रात ट्रक से आगे निकलने की कोशिश करते समय उसकी टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार युवक विकास (25), उसकी प्रेमिका रानी मुखर्जी (22) और उसके दोस्त करण (24) की मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।

वहीं, रानी के पिता संतलाल ने बताया, “रविवार को मेरी बेटी की बारात आने वाली थी। शनिवार की रात को सभी मेहमान खाना खाकर सोने चले गए। इस दौरान जब हमें रानी नहीं दिखाई दी, तो हमने उसकी तलाश शुरू की।”

संतलाल ने बताया, “देर रात करीब दो बजे मुझे सुमतिया गांव के पास हादसे की सूचना मिली। मौके पर जाकर देखा तो रानी, विकास और उसके दोस्त करण मृत मिले।”

थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\