देश की खबरें | ठाणे नगर निगम के वृक्ष प्राधिकरण के एक सदस्य के खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पुलिस ने ठाणे महानगर पालिका के वृक्ष प्राधिकरण के एक सदस्य के खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज किया है।
ठाणे (महाराष्ट्र), छह अगस्त पुलिस ने ठाणे महानगर पालिका के वृक्ष प्राधिकरण के एक सदस्य के खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज किया है।
अधिकारी ने बताया कि नगर पालिका के एक ठेकेदार की शिकायत के बाद राबोडी पुलिस थाने में विक्रांत तावड़े के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 385 (रंगदारी) के तहत मामला दर्ज किया गया।
अधिकारी ने कहा ‘‘ ठेकेदार को नालों की सफाई का काम दिया गया था। उसने आरोप लगाया है कि तावड़े ने उन्हें धमकी दी और पैसे मांगे थे। ’’
उन्होंने बताया कि उल्हासनगर वार्ड में इस साल एक मई से 30 मई के बीच नाले साफ करने का काम चल रहा था। इसी दौरान तावड़े ने ठेकेदार से सम्पर्क किया और कहा कि वह वृक्ष प्राधिकरण का सदस्य है। उसने ठेकेदार को अपने कार्यालय आने को कहा।
पुलिस ने कहा, ‘‘ शिकायतकर्ता जब तावड़े के कार्यालय गया, तो उसे उसका फोन अलग रखने को कहा गया। तावड़े ने फिर एक कागज के टुकड़े पर 10 लाख रुपये लिखा और धमकी दी कि अगर यह रकम उसे नहीं दी गई तो वह आरोप लगाएगा कि ठेकेदार को दिए गए कार्य ठीक से नहीं हो रहे हैं और पेड़ों को काटा जा रहा है।’’
उन्होंने बताया कि तावड़े ने 29 जून को एक बार फिर ठेकेदार को अपने कार्यालय बुलाया। तब शिकायतकर्ता ने दोनों के बीच हुई बातचीत रिकॉर्ड कर ली। उस समय तावड़े ने अपनी मांग कम करके छह लाख रुपये कर दी थी। इसके बाद पीड़ित ने अपराध शाखा यूनिट-1 से सम्पर्क किया और शिकायत की, जिसके बाद राबोडी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।
निहारिका मानसी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)