विदेश की खबरें | दूनिया भर में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. कोविड-19 महामारी के बीच दुनिया भर में सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह के साथ सोमवार को मनाया गया और इस दौरान हजारों लोगों ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास करते हुए स्वस्थ तन मन के लिए योग के महत्व को स्वीकार किया।
वाशिंगटन/ बीजिंग, 21 जून कोविड-19 महामारी के बीच दुनिया भर में सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह के साथ सोमवार को मनाया गया और इस दौरान हजारों लोगों ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास करते हुए स्वस्थ तन मन के लिए योग के महत्व को स्वीकार किया।
अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने ‘इंडियन हाउस’ में ‘योग सत्र’ में हिस्सा लिया। दूतावास के अधिकारी भी इस सत्र में हिस्सा लेने परिसर पहुंचे और अन्य लोग ‘जूम’ ऐप और दूतावास के सोशल मीडिया मंचों के जरिए इसमें शामिल हुए। संधू ने इस मौके पर कहा कि योग में लोगों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाने की क्षमता है। अमेरिका में न्यूयॉर्क, शिकागो, ह्यूस्टन, अटलांटा और सैन फ्रांसिस्को स्थित भारत के पांचों वाणिज्य दूतावास में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
न्यूयॉर्क में वाणिज्य दूतावास ने ‘टाइम्स स्क्वायर एलायंस’ के साथ मिलकर टाइम्स स्क्वायर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें तीन हजार से अधिक लोग शामिल हुए। भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल ने यहां योग दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ यूं तो हम दुनिया के विभिन्न हिस्सों में योग का जश्न मनाते हैं, लेकिन यहां टाइम्स स्क्वायर में योग का जश्न बहुत खास है, बहुत ही अनोखा है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि योग एक सार्वभौमिक विचार और सार्वभौमिक क्रिया है। सार्वभौमिक विचार का जश्न मनाने के लिए टाइम्स स्क्वायर से बेहतर जगह और क्या हो सकती है। यह दुनिया का चौराहा है।’’
उप महावाणिज्य दूत शत्रुघ्न सिन्हा और वाणिज्य दूतावास के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ भारतीय प्रवासियों के सदस्यों ने भी योग सत्र में भाग लिया। प्रमुख योग प्रशिक्षक रुचिका लाल ने योग, प्राणायाम और ध्यान सत्र का नेतृत्व किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) के विषय को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में समग्र स्वास्थ्य पर जोर दिया गया।
न्यू जर्सी में भारतीय समुदाय ने ‘लिबर्टी स्टेट पार्क’ में योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया। शिकागो में मिडवेस्ट क्षेत्र के योग संगठनों के साथ मिलकर वाणिज्य दूतावास ने ग्रांट पार्क में आईडीवाई 2021 का जश्न मनाया, जहां पार्क पहुंचने के अलावा कुछ लोगों ने ऑनलाइन भी इस कार्यक्रम में शिरकत की।
विज्ञप्ति के अनुसार, ‘अमेरिकन एकेडमी ऑफ योग एंड मेडिटेशन’ के साथ मिलकर अटलांटा में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ‘योगाकॉन यूएस2021’ का आयोजन किया। वाणिज्य दूतावास ने फ्लोरिडा और प्यूर्टो रिको में भी कार्यक्रम आयोजित किए। ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने बफ़ेलो बेउ पार्क और सैन एंटोनियो शहर के साथ मिलकर रिवर वॉक में योग कार्यक्रम आयोजित किए। सैन फ्रांसिस्को में दूतावास ने ‘प्लेस ऑफ फाइन आर्ट्स’ में एक कार्यक्रम का अयोजन किया। लॉस एंजिलिस में विवेकानंद योग विश्वविद्यालय द्वारा विशिष्ट वक्ता सत्र और एफएम रेडियो पर योग प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया।
चीन में भारतीय दूतावास में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय योग संस्थानों ने वूशी और होंगझोऊ जैसे अहम शहरों सहित अन्य शहरों में भी सोमवार को योग से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए। चीन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है और 2104 में संयुक्त राष्ट्र से इसे मान्यता मिलने के बाद देश में अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
‘योगी योग’ संस्थान के प्रमुख मोहन भंडारी ने पीटीआई- को बताया कि संस्थान ने एक बड़ा कार्यक्रम सोमवार को होंगझोऊ शहर में आयोजित किया। शंघाई और गुआंगझोऊ में भारतीय वाणिज्य दूतावास में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)