जरुरी जानकारी | आईईएक्स पर अप्रैल में हुआ 792.8 करोड़ यूनिट बिजली का कारोबार

नयी दिल्ली, चार मई बिजली कारोबार मंच इंडियन एनर्जी एक्सचेंज (आईईएक्स) पर अप्रैल में कुल कारोबार सालाना आधार पर छह प्रतिशत बढ़कर 792.8 करोड़ यूनिट पहुंच गया।

एक्सचेंज ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा कि अप्रैल, 2023 में उसका कुल कारोबार 792.8 करोड़ यूनिट हो गया जिसमें 280 करोड़ यूनिट हरित ऊर्जा, 1.99 लाख आरईसी और 1.23 लाख ऊर्जा बचत प्रमाणपत्र शामिल हैं।

अप्रैल के महीने में बिजली की औसत दर 5.41 रुपये प्रति यूनिट रही जो एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 46 प्रतिशत कम है। बिजली आपूर्ति में सुधार होने और मौसम नरम रहने से मांग में भी कमी आने से यह गिरावट दर्ज की गई।

हालांकि आने वाले समय में गर्मी बढ़ने पर बिजली की मांग में भी तेजी आने की उम्मीद है। लेकिन एक्सचेंज ने ऐसी स्थिति में भी आपूर्ति की मौजूदा स्थिति बरकरार रहने की संभावना जताते हुए कहा कि इससे बिजली की प्रतिस्पर्द्धी दरों की स्थिति बनेगी।

ग्रिड-इंडिया की तरफ से प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल में देश में 130.57 अरब यूनिट बिजली खपत हुई जो साल भर पहले की तुलना में 1.1 प्रतिशत कम है। इस गिरावट के लिए अप्रैल के महीने में भी कई इलाकों में बारिश होने से मांग में आई कमी को जिम्मेदार माना गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)