देश की खबरें | महाराष्ट्र के न्हावा शेवा बंदरगाह से 73 किलोग्राम हेरोइन जब्त : पंजाब पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि उसने महाराष्ट्र पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में राज्य के न्हावा शेवा बंदरगाह से 73 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है।
चंडीगढ़, 15 जुलाई पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि उसने महाराष्ट्र पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में राज्य के न्हावा शेवा बंदरगाह से 73 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से हेरोइन तस्करी संबंधी गुप्त सूचना के आधार पर महाराष्ट्र और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान में बंदरगाह पर एक कंटेनर से हेरोइन बरामद की गई।
उन्होंने कहा, ‘‘मादक पदार्थ को सफेद मार्बल टाइल से भरे कंटेनर में छिपाया गया था, जिसे दिल्ली के एक आयातक ने मंगाया था।’’
यादव ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की गई कागजी कार्यवाही और अन्य औपचारिकताओं के बाद कंटेनर को खोला गया, जिसमें से 73 किलोग्राम हेरोइन की खेप बरामद हुई।
पंजाब पुलिस ने एक बयान में कहा कि महाराष्ट्र पुलिस ने स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
इसने कहा कि पिछले एक सप्ताह में उसने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से संयुक्त अंतरराज्यीय अभियान के दौरान 148 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है।
इससे पहले, पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मादक पदार्थों के खिलाफ जारी हमारी लड़ाई में पंजाब पुलिस ने आज एक और बड़ी कामयाबी हासिल की। महाराष्ट्र पुलिस के साथ चलाए गए संयुक्त अभियान में न्हावा-शेवा बंदरगाह से 73 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है।’’
उन्होंने कहा कि अभियान जारी है और इस मामले से संबंधित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)