देश की खबरें | उत्तर प्रदेश के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में शाम पांच बजे तक 62.35 फीसद मतदान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में सोमवार को छुटपुट घटनाओं के बीच 20 जिलों में शाम पांच बजे तक औसतन 62.35फीसद मतदान हुआ।

लखनऊ, 26 अप्रैल उत्तर प्रदेश के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में सोमवार को छुटपुट घटनाओं के बीच 20 जिलों में शाम पांच बजे तक औसतन 62.35फीसद मतदान हुआ।

राज्य निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी के मुताबिक मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक समाप्त हुआ। हालांकि उस वक्त तक जो भी मतदाता मतदान केंद्र पहुंच गए उन सभी को वोट डालने का मौका दिया गया। शाम पांच बजे तक 62.35फीसद वोट पड़े।

राज्‍य निर्वाचन आयोग के अनुसार तीसरे चरण के मतदान में राज्य के 20 जिलों--शामली, मेरठ, मुरादाबाद, पीलीभीत, कासगंज, फिरोजाबाद, औरैया, कानपुर देहात, जालौन, हमीरपुर, फतेहपुर, उन्नाव, अमेठी, बाराबंकी, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, चंदौली, मिर्जापुर और बलिया में 2.72 लाख से अधिक उम्मीदवारों की राजनीतिक तकदीर तय हुई है।

आयोग के सूत्रों के मुताबिक मेरठ में शाम पांच बजे तक सबसे ज्यादा 69.30फीसद मतदान हुआ। प्रथम दो चरणों में औसतन 71प्रतिशत मतदान हुआ था। चौथे चरण का मतदान आगामी 29 अप्रैल को होगा और मतों की गिनती दो मई को की जाएगी।

तीसरे चरण के मतदान के दौरान फिरोजाबाद के नगला परदमन और बरौली गांव में छुटपुट हिंसा की घटनाएं हुई। फिरोजाबाद में ही डिप्टी सिंह (50) नामक होमगार्ड जवान मदनपुर ब्लॉक स्थित मतदान केंद्र पर ड्यूटी के लिए जा रहा था। तभी उसकी तबीयत अचानक खराब हुई उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।

उधर, बलिया में 50 वर्षीय हेड कांस्टेबल कमला सिंह यादव की पंचायत चुनाव ड्यूटी के दौरान सांस फूलने और कथित रूप से ऑक्सीजन की कमी के कारण मौत हो गई

अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने बताया कि कमला सिंह यादव को बांसडीह थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद क्षेत्र में चुनाव ड्यूटी पर लगाया गया था। सोमवार सुबह उसने सांस में दिक्कत की शिकायत की। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसके शरीर में ऑक्सीजन के स्तर को गंभीर रूप से कम बताया और उसे हायर सेंटर रेफर किया। बाद में हेड कांस्टेबल को पड़ोस के बिहार के बक्सर जिले में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

संजय ने कहा कि यह पता नहीं है कि मृत हेड कांस्टेबल कोविड-19 संक्रमित था या नहीं।

पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में 73,663 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। तीसरे चरण में जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम सभा सदस्य के पदों की 2.14 लाख सीटें हैं।

आयोग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक तीसरे चरण में जिला पंचायत सदस्य की 746 सीटों पर 10,416 उम्मीदवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य की 18,530 सीटों पर 88584 उम्मीदवार, ग्राम प्रधान की 14,379 सीटों पर 1,16,162 उम्मीदवार तथा ग्राम पंचायत वार्ड की 1,80,473 सीटों पर 57,649 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।

ये उम्मीदवार राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए प्रतीक चिन्ह पर चुनाव लड़ रहे हैं। आयोग के मुताबिक तीसरे चरण में जिला पंचायत सदस्य के छह, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 371, ग्राम प्रधान के 55 तथा ग्राम पंचायत सदस्य के 73,231 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इस तरह तीसरे चरण में 20 जिलों में विभिन्न पदों के लिए कुल 73,663 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।

आयोग के अनुसार, 15 अप्रैल को संपन्न हुए पहले चरण के चुनाव में 71 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि 19 अप्रैल को हुए दूसरे चरण के चुनाव में 71 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को 25 मई तक पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं।

कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग ने मार्च में निर्देश दिए थे कि पंचायत चुनाव के दौरान अधिकतम पांच लोग ही घर-घर जाकर चुनाव प्रचार कर सकते हैं।

राज्य के उप निर्वाचन आयुक्त वेद प्रकाश वर्मा ने बताया अपर जिला अधिकारियों की अगुवाई में तीन सदस्य समितियां गठित की गई हैं जो आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगी।

आनन्द सलीम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\